उमंग सिंघार ने आदिवासियों की जमीन पर कब्जे को लेकर सरकार पर साधा निशाना, कहा “जनता सब देख रही है”
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गुना जिले में आदिवासियों की जमीन पर कब्जे के मामले को लेकर राज्य सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं के कारण आदिवासियों को अपनी ही जमीन पर बंधुआ मजदूर बनकर रहने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, जो सरकार की नाकामी को दर्शाता है। कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गुना जिले में आदिवासियों की जमीन पर कब्जे के मामले को लेकर राज्य सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं के कारण आदिवासियों को अपनी ही जमीन पर बंधुआ मजदूर बनकर रहने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है, जो सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि आदिवासियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा करने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि यदि आदिवासियों को अपने संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए हाईकोर्ट को हस्तक्षेप कर सख्त निर्देश देने पड़ रहे हैं, तो यह सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उमंग सिंघार ने बीजेपी सरकार पर लगाए आरोप
गुना जिले में भू-माफियाओं द्वारा आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने और उन्हें अपनी ही जमीन पर बंधुआ मजदूर बनाने की घटना सामने आने पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कलेक्टर खामोश हैं और मोहन यादव सरकार पूरी तरह बेनकाब हो गई है।
आदिवासियों के हितों को लेकर सरकार को घेरा
उन्होंने कहा कि जब आदिवासियों को उनका संवैधानिक हक दिलाने के लिए हाईकोर्ट को सख्त आदेश देने पड़ें, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर सरकार अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं निभा रही। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश की मोहन यादव सरकार कानून के राज को मजबूत करने के बजाय भू-माफियाओं और दबंगों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आ रही है। उमंग सिंघार ने कहा कि “आदिवासियों के अधिकारों पर हो रहा हमला और प्रशासन की चुप्पी मध्यप्रदेश कभी नहीं भूलेगा। आदिवासियों पर होने वाला अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता सब देख रही है।” उन्होंने कहा है कि जनता बीजेपी को इस उपेक्षा का जवाब ज़रूर देगी।