मध्यप्रदेश पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, दो दिनों में 1 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 14 जुलाई को प्रारंभ किए जाने वाले राज्यव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान से पहले मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध व्यापक एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है। पिछले दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों

Jul 13, 2026 - 22:30
मध्यप्रदेश पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, दो दिनों में 1 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 14 जुलाई को प्रारंभ किए जाने वाले राज्यव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान से पहले मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध व्यापक एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है। पिछले दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाइयों के दौरान लगभग 1 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

नीमच में कार्रवाई 

जिले के थाना सिंगोली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप वाहन से 450 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा जब्‍त कर राजस्थान निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने लगभग 72 लाख 64 हजार रूपए का डोडाचूरा, पिकअप वाहन, मोबाइल एवं अन्य सामग्री जब्त की है।  इसके अतिरिक्‍त एक अन्‍य कार्यवाही में थाना नीमच सिटी पुलिस ने ट्रैवल्स बस के माध्यम से तस्करी कर ले जाए जा रहे 105 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 15 लाख 75 हजार रूपए का मादक पदार्थ जब्त किया है। इस प्रकार दोनों कार्यवाहियों में पुलिस ने 88 लाख 39 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

रतलाम में कार्रवाई 

जिले के थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने बिना नंबर की लग्जरी महिंद्रा थार से 200 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया। कार्रवाई में डोडाचूरा एवं लग्जरी वाहन सहित लगभग 25 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।
इसी प्रकार एक अन्‍य कार्यवाही में थाना माणकचौक पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके  कब्जे से 11 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (MDMA) जब्‍त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रूपए है।

इंदौर में कार्रवाई 

थाना कनाड़िया पुलिस ने तीन एमडी ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 47.78 ग्राम एमडी ड्रग्स एवं तस्करी में प्रयुक्त कार सहित लगभग 15 लाख 70 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।  इसी प्रकार मंदसौर जिले के थाना नई आबादी पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 65 किलोग्राम डोडाचूरा सहित 1 लाख 5 हजार रूपए की संपत्ति जब्त की। वहीं कटनी जिले के थाना कुठला की बिलहरी पुलिस ने एक आरोपी को 10 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रूपए) के साथ गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

15 जुलाई से शुरू हो रहा अभियान 

15 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। मध्यप्रदेश पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि जनसहभागिता को सशक्त बनाकर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में व्यापक जनआंदोलन का वातावरण तैयार करना भी है।
Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।