फर्जी नाम से इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर… भोपाल की युवती ने कहा- शादी का झांसा देकर दिल्ली ले गया, धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव

भोपाल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। निशातपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती एक युवक से हुई, जिसने खुद को हिंदू बताकर उसका भरोसा जीता। कुछ महीनों

Aug 2, 2026 - 15:30
फर्जी नाम से इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर… भोपाल की युवती ने कहा- शादी का झांसा देकर दिल्ली ले गया, धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव

भोपाल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। निशातपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती एक युवक से हुई, जिसने खुद को हिंदू बताकर उसका भरोसा जीता। कुछ महीनों तक बातचीत और मुलाकातों के बाद युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा और फिर उसे दिल्ली ले गया।

युवती का आरोप है कि दिल्ली पहुंचने के बाद युवक ने अपनी असली पहचान बताई और शादी से पहले धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर कथित रूप से धमकी भी दी गई। शिकायत मिलने के बाद भोपाल पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती

एफआईआर के अनुसार, युवती की करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर एक युवक से पहचान हुई। आरोपी ने सोशल मीडिया पर अपना नाम “कृष जैन” बताया और खुद को हिंदू परिवार का सदस्य बताया। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा।

युवती ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी कई बार भोपाल भी आया और उससे मिला। उसके अनुसार, युवक हाथ में कलावा पहनकर आता था, जिससे उसे उसकी पहचान पर कोई संदेह नहीं हुआ।

फर्जी नाम से इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर... भोपाल की युवती ने कहा- शादी का झांसा देकर दिल्ली ले गया, धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव

शादी का वादा कर दिल्ली ले जाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, 23 जुलाई को आरोपी ने युवती के पिता से फोन पर शादी की बात की। इसके बाद उसने युवती को करोंद बुलाया और भोपाल रेलवे स्टेशन से ट्रेन के जरिए दिल्ली ले गया। युवती का आरोप है कि जब उसने जाने से मना किया तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इसी कारण वह उसके साथ दिल्ली चली गई।

दिल्ली पहुंचने के बाद बदली पहचान

एफआईआर में दर्ज आरोपों के अनुसार, दिल्ली पहुंचने के बाद युवक ने अपना नाम जुम्मन अंसारी बताया। युवती का कहना है कि आरोपी ने कहा कि शादी मंदिर में नहीं बल्कि मस्जिद में होगी और उससे पहले उसे मुस्लिम धर्म स्वीकार करना होगा।

युवती ने इस बात का विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने दोबारा धमकी दी। पुलिस का कहना है कि यह सभी आरोप शिकायत और एफआईआर का हिस्सा हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

परिवार ने मांगी मदद

जब युवती के परिजनों को उसके दिल्ली पहुंचने की जानकारी मिली तो उन्होंने मदद की गुहार लगाई। परिवार का कहना है कि उन्होंने देर रात मंत्री विश्वास सारंग से संपर्क किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस के सहयोग से युवती को सुरक्षित बरामद किया गया और उसे वापस भोपाल लाया गया। इसके बाद युवती ने निशातपुरा थाने में विस्तृत शिकायत दर्ज कराई।

लड़की के पिता

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

भोपाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) तथा मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।