भोपाल मास्टर प्लान: पीसी शर्मा का 31 घंटे का उपवास खत्म, जीतू पटवारी ने जूस पिलाकर कराया समाप्त, सरकार को दी चेतावनी

भोपाल का मास्टर प्लान लंबे समय से अटका होने का मुद्दा अब एक बार फिर गरमा गया है। मास्टर प्लान लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने मास्टर प्लान लागू करने की मांग को […]

Sep 12, 2026 - 16:30
भोपाल मास्टर प्लान: पीसी शर्मा का 31 घंटे का उपवास खत्म, जीतू पटवारी ने जूस पिलाकर कराया समाप्त, सरकार को दी चेतावनी

भोपाल का मास्टर प्लान लंबे समय से अटका होने का मुद्दा अब एक बार फिर गरमा गया है। मास्टर प्लान लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने मास्टर प्लान लागू करने की मांग को लेकर 31 घंटे का उपवास रखा था, जो अब खत्म हो चुका है।

बता दें कि कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने शुक्रवार को रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए 31 घंटे का उपवास शुरू था। पीसी शर्मा का कहना है कि 31 वर्षों से भोपाल के नए मास्टर प्लान का इंतजार कर रही जनता को अब और इंतजार नहीं कराया जा सकता।

जीतू पटवारी ने जूस पिलाकर खत्म कराया उपवास

बता दें कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने शनिवार को पीसी शर्मा को जूस पिलाकर 31 घंटे का उपवास समाप्त कराया। प्रदर्शन के दौरान जीतू पटवारी ने मास्टर प्लान को लेकर बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और लगातार हो रही देरी के कारण भोपाल का मास्टर प्लान अटका हुआ है, जिससे शहर का विकास थम गया है और आम जनता परेशान हो रही है।

जीतू पटवारी ने आगे कहा कि ​हम भोपाल की जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि मास्टर प्लान के नाम पर लाखों परिवारों के उजड़ने का खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने आगे कहा, मोहन सरकार से मांग करते हैं कि बिना किसी देरी और स्पष्ट नीतियों के साथ भोपाल मास्टर प्लान को तत्काल लागू किया जाए।

मास्टर प्लान पर सरकार को कांग्रेस की तीन महीने की मोहलत

कांग्रेस ने सरकार को मास्टर प्लान के मुद्दे पर फैसला लेने के लिए तीन महीने की मोहलत दी है। पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि तय अवधि में मास्टर प्लान को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया, तो कांग्रेस इंदौर से भोपाल तक पैदल मार्च करेगी। उन्होंने ऐलान किया कि इस मार्च में इंदौर से करीब 50 हजार लोगों को साथ लेकर भोपाल कूच किया जाएगा।

भोपाल मास्टर प्लान पर क्या बोले जयवर्धन सिंह?

बता दें कि भोपाल में मास्टर प्लान को लेकर जयवर्धन सिंह की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने कहा कि तत्कालीन सीएम कमलनाथ के कार्यकाल में भोपाल मास्टर प्लान 2031 तैयार कर 6-7 मार्च 2020 को प्रस्तुत किया गया था। लेकिन भाजपा सरकार ने आज तक इसे लागू नहीं किया।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि मास्टर प्लान लागू न होने के कारण राजधानी भोपाल के रहवासी, व्यापारी और आम नागरिक लगातार परेशान हैं। शहर की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है, रोजगार व लोगों का दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। जयवर्धन सिंह ने कहा कि हमारी स्पष्ट मांग है कि भोपाल के सुनियोजित विकास, नागरिकों की सुविधा और शहर की अर्थव्यवस्था, व्यापार को गति देने के लिए भोपाल मास्टर प्लान को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।