‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी से मिले CM मोहन यादव, 1 लाख रुपए सम्मान निधि और इलाज में मदद का किया ऐलान
सागर जिले के युवा गायक सुनील लोधी गुरुवार देर शाम भोपाल स्थित सीएम हाउस पहुंचे जहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपने परिवार के साथ मुलाकात की। दरअसल ‘हनुमान अंश’ फिल्म के बुंदेली गीत से देशभर में पहचान बनाने वाले सुनील की प्रतिभा की मुख्यमंत्री ने सराहना की और सरकार की ओर से सहयोग […]
सागर जिले के युवा गायक सुनील लोधी गुरुवार देर शाम भोपाल स्थित सीएम हाउस पहुंचे जहां उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपने परिवार के साथ मुलाकात की। दरअसल ‘हनुमान अंश’ फिल्म के बुंदेली गीत से देशभर में पहचान बनाने वाले सुनील की प्रतिभा की मुख्यमंत्री ने सराहना की और सरकार की ओर से सहयोग का भरोसा दिया।
वहीं समत्व भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के उभरते और प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सुनील लोधी को प्रोत्साहन देने के लिए कई घोषणाएं भी कीं।
संगीत की पढ़ाई में भी मिलेगा सहयोग
दरअसल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी को सरकार की ओर से एक लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि कलाकारों को मंच देने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुनील की बचपन से गायन में रुचि रही है इसलिए उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत शिक्षा पूरी करने में भी सरकार सहयोग करेगी। साथ ही प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने सुनील के माता-पिता का भी सम्मान किया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के साथ जरूरी सहयोग उपलब्ध कराएगी।
CM के सामने सुनाया ‘हनुमान अंश’ का गीत
मुख्यमंत्री ने सुनील लोधी की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए जरूरी इलाज में सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। इस दौरान सुनील ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का लोकप्रिय बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ भी गाया। दरअसल मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर गाया जाने वाला भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी सुनाया। वहीं इस अवसर पर उनके पिता महेंद्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और सुनील के मित्र भी मौजूद रहे।