14-15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक कांग्रेस की ‘युवा स्वाभिमान GenZ साइक्लोथॉन’, जीतू पटवारी-उमंग सिंघार भी होंगे शामिल
मध्य प्रदेश में युवाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस एक बड़े अभियान की तैयारी में है। दरअसल पार्टी ने 14 और 15 जुलाई को ‘युवा स्वाभिमान GenZ साइक्लोथॉन’ आयोजित करने का फैसला किया है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश के युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से
मध्य प्रदेश में युवाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस एक बड़े अभियान की तैयारी में है। दरअसल पार्टी ने 14 और 15 जुलाई को ‘युवा स्वाभिमान GenZ साइक्लोथॉन’ आयोजित करने का फैसला किया है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश के युवाओं की आवाज सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली जाएगी।
दरअसल उज्जैन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने बताया कि यह साइकिल यात्रा इंदौर से शुरू होकर देवास, आष्टा और सीहोर होते हुए भोपाल पहुंचेगी। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता युवाओं से संवाद करेंगे और रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे और सरकार के सामने अपनी मांगें रखेंगे। इस अभियान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
जानिए क्या है इसका उद्देश्य?
वहीं कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान का मकसद केवल राजनीतिक प्रदर्शन करना नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है। पार्टी का आरोप है कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और उच्च शिक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार की ओर से पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है और उसे रोजगार के बेहतर अवसर नहीं मिल रहे हैं। कांग्रेस इस यात्रा के जरिए अलग-अलग शहरों में युवाओं से सीधा संवाद करेगी और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
भाजपा सरकार पर कांग्रेस का निशाना
दरअसल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदेश में युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है और रोजगार व शिक्षा जैसे अहम विषय लगातार पीछे छूटते जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के भीतर कई जनप्रतिनिधि अपनी बात प्रभावी तरीके से नहीं रख पा रहे हैं। राहुल गांधी की ओर से कांग्रेस में ‘स्लीपर सेल’ संबंधी दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम लगातार किया जा रहा है और अंदरूनी कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जा रहा है।