FIFA World Cup 2026 का आगाज : लाखों फैन्स के बीच शकीरा का जलवा, एज़्टेका स्टेडियम में छाया जादू
FIFA World Cup 2026 की शुरुआत यादगार रही। एज़्टेका स्टेडियम में आयोजित ओपनिंग सेरेमनी में शकीरा, बर्ना बॉय और जे बाल्विन समेत कई ग्लोबल स्टार्स ने मंच पर धमाल मचाया और फुटबॉल प्रेमियों को रोमांचित कर दिया।
New Delhi Desk : दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल महाकुंभ फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) का शानदार आगाज मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एज़्टेका स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन मुकाबले से पहले आयोजित रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी ने खेल प्रेमियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों और दुनियाभर में टीवी व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जुड़े करोड़ों फैन्स ने इस भव्य कार्यक्रम का आनंद लिया।
शकीरा की परफॉर्मेंस ने बांधा समां
ओपनिंग सेरेमनी की सबसे बड़ी आकर्षण अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार शकीरा रहीं। उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप के आधिकारिक एंथम ‘Dai Dai’ पर दमदार प्रस्तुति दी। जैसे ही शकीरा मंच पर पहुंचीं, पूरा एज़्टेका स्टेडियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा। उनके शानदार डांस और जबरदस्त ऊर्जा ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कई अंतरराष्ट्रीय सितारों ने बिखेरा जलवा
शकीरा के अलावा बर्ना बॉय, जे बाल्विन, माना, एलेजांद्रो फर्नांडीज, बेलिंडा, डैनी ओशन, लीला डाउन्स, लॉस एंजिल्स अज़ुलेस और टायला समेत कई प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। संगीत और मनोरंजन से भरपूर इस कार्यक्रम ने विश्व कप के उत्साह को और बढ़ा दिया।
मैच से पहले ही भर गया था स्टेडियम
मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए उद्घाटन मुकाबले से काफी पहले ही एज़्टेका स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भर चुका था। फुटबॉल प्रेमियों का जोश और उत्साह देखने लायक था। स्टेडियम में मौजूद फैन्स लगातार अपनी टीमों का समर्थन करते नजर आए और पूरे माहौल को उत्सव में बदल दिया।
कनाडा और अमेरिका में भी होंगी भव्य सेरेमनी
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की खास बात यह है कि इसके तहत अलग-अलग मेजबान देशों में भी ओपनिंग समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। कनाडा के टोरंटो स्थित बीएमओ फील्ड में होने वाली सेरेमनी में नोरा फतेही, माइकल बुबले और एलेसिया कारा प्रस्तुति देंगी। वहीं अमेरिका के लॉस एंजिल्स स्थित सोफी स्टेडियम में केटी पेरी, अनिटा और टायला अपने प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
यादगार बनने जा रहा है फुटबॉल का महाकुंभ
विश्व कप के शानदार उद्घाटन ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले हफ्तों में फुटबॉल प्रेमियों को खेल और मनोरंजन का जबरदस्त संगम देखने को मिलेगा। भव्य शुरुआत के साथ फीफा वर्ल्ड कप 2026 ने दुनिया भर के करोड़ों फैन्स की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है।