इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 10,500 लीटर खाद्य तेल जब्त, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन लगातार जारी है। टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर जांच और दबिश देकर बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। इस बीच, एक बार […]

Sep 23, 2026 - 21:30
इंदौर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 10,500 लीटर खाद्य तेल जब्त, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन लगातार जारी है। टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर जांच और दबिश देकर बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। इस बीच, एक बार फिर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों की जब्ती की है।

बता दें कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मल्हारगंज स्थित श्री श्याम एंड श्याम ऑयल्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में आवश्यक खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिला। इसके बाद टीम ने करीब 10500 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, खाद्य विभाग की टीम ने विभिन्न पैकिंग साइज के कुल 09 नमूने लिये और जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेजे गये हैं। विभाग के अनुसार, नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।

शंकर महादेव ट्रेडर्स का खाद्य सुरक्षा विभाग ने किया निरीक्षण

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सियागंज स्थित शंकर महादेव ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से प्रीमियम रिफाइंड ग्राउंडनट ऑयल एवं गुलाब कोल्ड प्रेस्ड ग्राउंडनट ऑयल के नमूने लिये। नमूनों को जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेजा जायेगा एवं रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए खाद्य तेलों के 11 नमूने

जानकारी अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार की कार्रवाई में खाद्य तेलों के कुल 11 नमूने जांच के लिये गये। तथा लगभग 10,500 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, अन्य राज्यों एवं प्रदेश के अन्य जिलों से इंदौर में आने वाले खाद्य तेलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट की रोकथाम तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य तेल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।

 

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट