इंदौर में JMB ग्रुप के 3 ठिकानों पर सेंट्रल GST की सर्चिंग, बिना बिल ड्रायफ्रूट्स की खरीद-बिक्री की हुई जांच
इंदौर के JMB ग्रुप के तीन प्रतिष्ठानों पर बुधवार को सेंट्रल GST विभाग की टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की। जानकारी के मुताबिक विभाग को कारोबार में अनियमितताओं और बिना बिल ड्रायफ्रूट्स की खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी मिली थी। वहीं इसके बाद अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने ग्रुप के तीन ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेज […]
इंदौर के JMB ग्रुप के तीन प्रतिष्ठानों पर बुधवार को सेंट्रल GST विभाग की टीमों ने एक साथ कार्रवाई शुरू की। जानकारी के मुताबिक विभाग को कारोबार में अनियमितताओं और बिना बिल ड्रायफ्रूट्स की खरीद-बिक्री से जुड़ी जानकारी मिली थी। वहीं इसके बाद अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने ग्रुप के तीन ठिकानों पर पहुंचकर दस्तावेज और कारोबारी रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया।
वहीं कार्रवाई के दौरान दुकानों के शटर बंद रखे गए और अधिकारियों ने स्टॉक, बिक्री से जुड़े दस्तावेज, बिल और कंप्यूटर में दर्ज कारोबारी डेटा की जांच शुरू की। टीम यह भी देख रही है कि प्रतिष्ठानों पर मौजूद स्टॉक और रिकॉर्ड में दर्ज जानकारी के बीच कितना मिलान है।
इन 3 ठिकानों पर GST विभाग की जांच
दरअसल सेंट्रल GST की टीमें कलेक्टोरेट के समीप, स्कीम नंबर 104 और रेसकोर्स रोड स्थित JMB ग्रुप के प्रतिष्ठानों पर एक साथ पहुंचीं। तीनों जगहों पर अधिकारियों ने दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान मुख्य रूप से ड्रायफ्रूट्स की खरीद-बिक्री से जुड़े बिल और रिकॉर्ड को देखा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक विभाग को ऐसी सूचना मिली थी कि मिठाई कारोबार में इस्तेमाल होने वाले ड्रायफ्रूट्स की खरीदारी में कुछ लेनदेन बिना GST बिल के किए जा रहे हैं। इसी जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने स्टॉक और लेखा-जोखा की जांच शुरू की है।
वहीं जांच के दौरान अधिकारियों द्वारा दुकान में मौजूद ड्रायफ्रूट्स और अन्य सामान का रिकॉर्ड से मिलान किया गया। इसके साथ ही बिक्री के आंकड़े, बिल, कंप्यूटर में दर्ज कारोबार से जुड़ी जानकारी और उपलब्ध दस्तावेजों को भी देखा जा रहा है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि जांच में किसी तरह की टैक्स चोरी या दूसरी अनियमितता साबित हुई है। विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
1954 में शुरू हुआ था JMB का कारोबार
बता दें की JMB ग्रुप की शुरुआत इंदौर में 1954 में हुई थी। लंबे समय से मिठाई और नमकीन कारोबार से जुड़े इस ग्रुप के शहर में तीन प्रतिष्ठान हैं। बुधवार को विभाग की कार्रवाई ग्रुप के इन तीन ठिकानों पर हुई जहां अधिकारी रिकॉर्ड और स्टॉक की जांच कर रहे हैं। GST विभाग की इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों का फोकस खरीद-बिक्री के दस्तावेजों और स्टॉक के बीच मिलान पर है। खास तौर पर ड्रायफ्रूट्स से जुड़े लेनदेन की जानकारी को जांचा जा रहा है। इसके अलावा कंप्यूटर में दर्ज बिक्री और अन्य कारोबारी डेटा की भी पड़ताल की जा रही है।