‘लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते….’, शक्कर के बढ़ते दामों के सवाल पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिया बड़ा बयान

इंदौर के परदेशीपुरा स्थित आस्था वृद्धाश्रम में बुधवार को रक्षाबंधन का त्योहार अलग अंदाज में मनाया गया। ‘आओ बनाएं रक्षाबंधन अपनों के संग’ अभियान के तहत बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के साथ जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गीत गाकर माहौल को संगीतमय बना दिया। उनके गीत के बाद

Aug 26, 2026 - 21:30
‘लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते….’, शक्कर के बढ़ते दामों के सवाल पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिया बड़ा बयान

इंदौर के परदेशीपुरा स्थित आस्था वृद्धाश्रम में बुधवार को रक्षाबंधन का त्योहार अलग अंदाज में मनाया गया। ‘आओ बनाएं रक्षाबंधन अपनों के संग’ अभियान के तहत बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के साथ जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गीत गाकर माहौल को संगीतमय बना दिया। उनके गीत के बाद अंताक्षरी शुरू हुई, जिसमें आश्रम के बुजुर्गों और दिव्यांगजनों ने भी हिस्सा लिया।

दरअसल आस्था वृद्धाश्रम में पिछले 43 सालों से रक्षाबंधन का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी कार्यक्रम में राखी बांधने के साथ गीत-संगीत और सामूहिक सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों और दिव्यांगजनों ने जनप्रतिनिधियों की कलाई पर राखी बांधी और सभी ने मिलकर त्योहार मनाया।

आस्था वृद्धाश्रम में अंताक्षरी और राखी का कार्यक्रम

वहीं कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने फिल्मी गीत गाया, जिसके बाद अंताक्षरी का दौर शुरू हो गया। मंत्री के साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों ने एक-एक कर गीत गाए। कई प्रतिभागी गीतों पर थिरकते भी नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम का माहौल गीत-संगीत से भर गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एक-दूसरे को राखी बांधी और त्योहार की खुशियां साझा कीं। आयोजन के दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि वे पिछले 43 सालों से यहां रक्षाबंधन और दीपावली मनाने आते हैं। उन्होंने कहा कि यह उनका परिवार है और यहां आकर सभी का आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि बुजुर्गों के साथ अंताक्षरी खेलना, नाचना, भजन गाना और उनसे हार जाना उन्हें अच्छा लगता है। रक्षाबंधन कार्यक्रम से पहले आश्रम परिसर में पौधारोपण भी किया गया। इसमें मौजूद जनप्रतिनिधियों ने पौधे लगाए और उसके बाद मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए।

ट्रंप और शक्कर के सवाल पर भी मंत्री विजयवर्गीय ने दिए जवाब

दरअसल कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से अमेरिकी वीजा को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि “ट्रंप फूफा हैं, वह सुबह क्या करेंगे और शाम को क्या करेंगे, किसी को नहीं पता। मैं कुछ जवाब दे दूं और शाम को उनका शेड्यूल बदल जाए, इसलिए कोई जवाब नहीं दूंगा।” शक्कर की कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर भी उन्होंने जवाब दिया। विजयवर्गीय ने कहा कि परसों शक्कर 70 रुपये थी और आज 60 रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि वह खुद मीठा नहीं खाते हैं। उन्होंने रमेश मेंदोला और राजेंद्र राठौर का जिक्र करते हुए कहा कि वे भी मीठा नहीं देखते हैं। इसके बाद उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि “अच्छा है, खूब महंगी हो जाए।”