दिल्ली के 5 स्टार होटलों में FSSAI की जांच में चौंकाने वाली तस्वीर, Andaz में 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाई, JW Marriott में सड़े टमाटर-फफूंद लगे सेब; नोटिस जारी

नई दिल्ली। दिल्ली के एयरोसिटी स्थित दो बड़े होटलों में खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर खामियां सामने आई हैं। Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने JW Marriott और Juniper Hotels Pvt Ltd के Andaz Delhi में निरीक्षण के बाद दोनों को नोटिस जारी किया है। जांच के दौरान एक्सपायर्ड

Aug 26, 2026 - 21:30
दिल्ली के 5 स्टार होटलों में FSSAI की जांच में चौंकाने वाली तस्वीर, Andaz में 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाई, JW Marriott में सड़े टमाटर-फफूंद लगे सेब; नोटिस जारी

नई दिल्ली। दिल्ली के एयरोसिटी स्थित दो बड़े होटलों में खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गंभीर खामियां सामने आई हैं। Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने JW Marriott और Juniper Hotels Pvt Ltd के Andaz Delhi में निरीक्षण के बाद दोनों को नोटिस जारी किया है। जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, खराब साफ-सफाई, कीटों की मौजूदगी से लेकर वेज और नॉनवेज भोजन को अलग रखने के नियमों में लापरवाही जैसी कई गंभीर कमियां मिलीं। FSSAI ने दोनों जगह से खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए हैं।

Andaz में मिली 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाई

FSSAI के मुताबिक, Andaz Delhi के निरीक्षण में करीब 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाई मिली। इसके अलावा एक्सपायर्ड केक बेस और ब्रेड के पैकेट भी पाए गए। एक्सपायर्ड मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

जांच में एक और गंभीर बात सामने आई। FSSAI अधिकारियों के मुताबिक एक्सपायर्ड ब्रेड की पैकेजिंग पर दोबारा तारीख लगाने के संकेत मिले। होटल में तेज दुर्गंध की स्थिति भी पाई गई। चिलर दो बाथरूम के बीच स्थित मिले और बाथरूम का एग्जॉस्ट चिलर सेक्शन की तरफ था।

वेज बर्नर पर बन रहा था नॉनवेज खाना

Andaz की जांच में वेज और नॉनवेज भोजन को अलग रखने की व्यवस्था में भी गंभीर खामी मिली। Anayama Kitchen में वेज और नॉनवेज के कटिंग बोर्ड एक ही पानी के कंटेनर में डूबे मिले। वहीं Room Dining Kitchen में वेजिटेरियन बर्नर का इस्तेमाल नॉनवेज खाना तैयार करने के लिए किए जाने की बात FSSAI ने कही है।

परिसर में फ्रीजर के पास कॉकरोच, मक्खियां, ग्राइंडिंग रूम में मच्छर और मकड़ी के जाले भी पाए गए। बॉटलिंग प्लांट एरिया के अंदर गुटखे का पैकेट मिलने का भी FSSAI ने उल्लेख किया है।

इसके अलावा तापमान की निगरानी, एलर्जन सेपरेशन, कचरा प्रबंधन, सप्लायर वेरिफिकेशन और कच्चे माल की ट्रैकिंग व्यवस्था में भी कमियां मिलीं।

JW Marriott में फफूंद लगे सेब और सड़े टमाटर

JW Marriott Aerocity की जांच में भी तस्वीर चिंताजनक मिली। FSSAI के मुताबिक यहां सेबों पर फफूंद और सड़े हुए टमाटर मिले। खाने को खुला रखने, क्षतिग्रस्त स्टोरेज कंटेनर, कटी सब्जियों के गलत तरीके से भंडारण और निर्धारित परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ नहीं रखने जैसी खामियां सामने आईं।

परिसर में कॉकरोच और फ्रूट फ्लाई की मौजूदगी के साथ साफ-सफाई और पेस्ट कंट्रोल में भी कमियां पाई गईं। पीने के पानी में दिखाई देने वाले कण मिलने और पानी के स्टोरेज टैंक में जंग जैसी स्थिति का भी FSSAI ने उल्लेख किया है।

Chinese, Indian, Italian और Bakery Kitchen में भी खामियां

JW Marriott के Chinese, Indian, Italian और Bakery Kitchen सहित अलग-अलग फूड प्रिपरेशन एरिया की जांच की गई। FSSAI के अनुसार यहां पेस्ट की समस्या, खराब साफ-सफाई, काम नहीं कर रहे एग्जॉस्ट सिस्टम, एलर्जन को अलग रखने की अपर्याप्त व्यवस्था, खराब स्टोरेज कंटेनर और भोजन के अनुचित भंडारण जैसी कमियां मिलीं।

जांच में लाइसेंसिंग और लेबलिंग से जुड़े मामले भी सामने आए। FSSAI के मुताबिक होटल में जरूरी endorsement के बिना Retail और Relabeller गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। कुछ प्री-पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर FSSAI लाइसेंस नंबर गलत प्रिंट होने और निर्माता का पूरा पता नहीं होने जैसी कमियां भी मिलीं। परिसर में FSSAI लाइसेंस भी प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं पाया गया।

दोनों होटलों से लिए गए खाने के नमूने

JW Marriott से शहद, स्किम्ड मिल्क डेयरी व्हाइटनर, पीने का पानी, रेड वेलवेट स्पंज, अंगूरी रसमलाई, खोया, पनीर और सोंठ चटनी सहित कई उत्पादों के रेगुलेटरी सैंपल लिए गए।

Andaz Delhi से गाय का घी, वेज मेयोनीज, क्रीमी कोकोनट मिल्क पाउडर, हनी ट्विग्स, पीली मसूर दाल, टोमैटो सॉस, ऑरेंज मार्मलेड और कोकोनट कुकीज सहित कई उत्पादों के नमूने जांच के लिए उठाए गए हैं।

FSSAI ने Andaz के फूड बिजनेस ऑपरेटर को सामने आई कमियों पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और सबूतों के साथ कंप्लायंस रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। नमूनों की जांच और अनुपालन की स्थिति के आधार पर आगे की नियामक कार्रवाई की जाएगी।