नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही, 105 भारतीय लापता, बिहार में भी बढ़ा खतरा, अमित शाह ने सीएम सम्राट चौधरी से की बात
तिब्बत की ओर से अचानक आई भीषण बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले के टिमुरे बाजार क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है।लेन्दे खोला (भोटेकोशी) में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, टिमुरे सहित आसपास के दो बाजार बाढ़ से पूरी तरह तहस-नहस हो गए हैं। विनाशकारी बाढ़ में 16 लोगों की मौत
तिब्बत की ओर से अचानक आई भीषण बाढ़ ने नेपाल के रसुवा जिले के टिमुरे बाजार क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है।लेन्दे खोला (भोटेकोशी) में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, टिमुरे सहित आसपास के दो बाजार बाढ़ से पूरी तरह तहस-नहस हो गए हैं। विनाशकारी बाढ़ में 16 लोगों की मौत की खबर है साथ ही सैकड़ों लोगों के बहने की भी आशंका है। हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। बाढ़ में 105 भारतीयों सहित कई अन्य विदेशी पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है, बचाव दल लोगों की मदद में लगे हैं, पीएम बालेंद्र शाह ने हालात को देखते हुए आपात बैठक बुलाई है।
नेपाल में स्थित भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ में लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान जारी है, नदी के किनारे स्थित सड़कें, पुल, बाजार और सुरक्षा चौकियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, राहत और बचाव अभियान में नेपाल सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) और नेपाल पुलिस के जवान जुटे हुए हैं, बचाव दल में 14 हेलीकॉप्टरों को भी तैनात किया गया है, ताकि दुर्गम इलाकों में फंसे लोगों तक तेजी से पहुंचा जा सके। सरकार ने नदी के बहाव वाले कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएम बालेंद्र शाह रख रहे हालात पर नजर
हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन की आपात बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री शाह सीधे ही प्रभावित क्षेत्रों के प्रमुख जिलाधिकारियों से संपर्क में हैं और हर पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वहीं नेपाल सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए भारत और चीन से भी सहायता मांगी है। सरकार के वरिष्ठ अधिकारी अचानक आई बाढ़ के कारणों की जांच में जुट गए हैं, शुरूआती तौर पर बताया जा रहा है कि पूर्वानुमान प्रभाग को सूचना मिली थी कि तिब्बत क्षेत्र में भूस्खलन के कारण नदी का प्रवाह बाधित हो गया था संभवतः पानी का दबाव बढ़ने के कारण ही ये विनाशकारी बाढ़ आई है।
105 भारतीय पर्यटकों के लापता होने की खबर
बाढ़ में सैंकड़ों लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है, इसमें 105 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं, लापता होने वाले पर्यटकों में 291 अन्य विदेशी पर्यटक भी शामिल बताये गए हैं जो ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, अमेरिका, मलेशिया, यूनाइटेड किंग और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक बताये जा रहे हैं, ये सब प्रकृति की गोद में बसे खूबसूरत देश नेपाल घूमने आये थे लेकिन बाढ़ की चपेट में आ गये। नेपाल पर्यटन बोर्ड ने इन सभी पर्यटकों की जानकरी साझा की है जिसे न्यूज़ एजेंसी ANI ने X पर शेयर की है।
अमित शाह में बिहार के सीएम सम्राट चौधरी से की बात
उधर नेपाल से लगे भारत के राज्य बिहार में भी इस बाढ़ के कारण खतरा बढ़ गया है, हालाँकि अभी हालात सामान्य हैं, इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बात की, गृह मंत्री ने राज्य सरकार को संभावित संकट से निपटने के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) को तैनात किया जा रहा है।