इंदौर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 11 दोपहिया वाहन बरामद
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस लगातार कार्रवाई कर चोरों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में तेजाजीनगर पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बता दें कि पुलिस ने
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच पुलिस लगातार कार्रवाई कर चोरों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में तेजाजीनगर पुलिस ने एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
बता दें कि पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 11 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़े गए चार आरोपियों में दो बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं।
दोपहिया वाहनों के साथ पकड़े गए 4 आरोपी
बता दें कि 27 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि उमरीखेड़ा वाइन शॉप के सामने सर्विस रोड पर कुछ संदिग्ध लोग दोपहिया वाहनों के साथ खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी और प्रकाश तंवर, मुकेश उर्फ कालू मसानिया समेत दो नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने इंदौर शहर और आसपास के जिलों से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी किए गए कुल 11 दोपहिया वाहन बरामद किए।
वाहनों की बिक्री के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
आरोपियों के संबंध में जोन-1 के डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि बरामद किए गए वाहनों में हीरो होंडा की गाड़ियां अधिक हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इन वाहनों के इंजन की कीमत अधिक होती है और इनका लॉक तोड़ना भी आसान होता है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी किए गए वाहनों को बेचने के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।