MP Board Second Exam 2026 : कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए जरूरी खबर, 2 पेपरों की तारीख में बदलाव, जानें नई डेट
कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए काम की खबर है। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल (MPBSE) द्वारा आयोजित 12वीं की द्वितीय परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। 13 मई 2026 को मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व निर्धारित परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किया गया है। 14 मई 2026 को आयोजित होने
कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए काम की खबर है। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल (MPBSE) द्वारा आयोजित 12वीं की द्वितीय परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। 13 मई 2026 को मंडल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व निर्धारित परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किया गया है।
14 मई 2026 को आयोजित होने वाली कृषि (Agriculture), गृह विज्ञान (Home Science) एवं अकाउंटेंसी (Accountancy) विषयों की परीक्षाएं अब 19 मई 2026 को होंगी। वहीं 21 मई को होने वाली गणित (Mathematics) एवं मनोविज्ञान (Psychology) विषयों की परीक्षाएं अब 26 मई 2026 आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थी संशोधित परीक्षा कार्यक्रम मंडल की वेबसाइट माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश पर भी देख सकते हैं।
यह संशोधन कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG-2026) की परीक्षाओं के दृष्टिगत किया गया है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को निर्देश भी जारी किए गए है। साथ ही संशोधित परीक्षा कार्यक्रम को विद्यालय के सूचना पटल पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने और संबंधित विद्यार्थियों को इसकी जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराए जाने को कहा है। नियमित, स्वाध्यायी एवं दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों की परीक्षाएं समान तिथि एवं समय पर संपन्न होंगी।
बता दें कि कक्षा 10वीं और 12वीं की ‘द्वितीय परीक्षा’ या पूरक परीक्षा 7 मई 2026 से शुरु हुई है। कक्षा 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 19 मई तक और 12वीं की 26 मई तक चलेगी। प्रदेश भर में कुल 624 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक रखा गया है। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 08:30 बजे तक रिपोर्ट करना अनिवार्य है। एमपी बोर्ड में कक्षा 10वीं में छात्रों को पास होने के लिए प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत नंबर लाने अनिवार्य है। अगर एक या दो सब्जेक्ट में न्यूनतम पास प्रतिशत से कम अंक आते हैं, तो विद्यार्थी फेल माना जाएगा।