भोपाल में मिलादुन्नबी पर दो जुलूस, कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट, घर से निकलने से पहले जानें रूट
भोपाल में मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को मुस्लिम समाज की ओर से दो अलग-अलग स्थानों से जुलूस निकाले जाएंगे। मंगलवारा क्षेत्र से निकलने वाले मुख्य जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। जुलूस में अलग-अलग अखाड़ों के दल भी शामिल रहेंगे, जो पारंपरिक कला और शौर्य का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों ने आयोजन के
भोपाल में मिलादुन्नबी के मौके पर बुधवार को मुस्लिम समाज की ओर से दो अलग-अलग स्थानों से जुलूस निकाले जाएंगे। मंगलवारा क्षेत्र से निकलने वाले मुख्य जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
जुलूस में अलग-अलग अखाड़ों के दल भी शामिल रहेंगे, जो पारंपरिक कला और शौर्य का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों ने आयोजन के जरिए गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देने की बात कही है।
मंगलवारा से इमामी गेट तक निकलेगा जुलूस
मंगलवारा क्षेत्र का चल समारोह दोपहर 2 बजे छावनी स्थित भारत टॉकीज से शुरू होगा। जुलूस सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा, इस्लामपुरा, बड़े मास्टर तिराहा, बुधवारा, इब्राहिमपुरा, मोती मस्जिद और पीरगेट होते हुए इमामी गेट चौराहे पर समाप्त होगा।
जुलूस के दौरान भारत टॉकीज से सेंट्रल लाइब्रेरी-इतवारा और छावनी रोड से मंगलवारा थाना की ओर जाने वाले मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। काली मंदिर तलैया से बुधवारा, कोतवाली और इब्राहिमपुरा की ओर जाने वाले रास्ते पर भी जरूरत के अनुसार यातायात बदला जाएगा।
मोती मस्जिद और पीरगेट पहुंचने के दौरान संबंधित मार्गों पर भी ट्रैफिक व्यवस्था बदलेगी। जुलूस के मार्ग पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों, अनुमति प्राप्त वाहनों और सिटी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
इन वैकल्पिक रास्तों से जा सकेंगे वाहन
रॉयल मार्केट से तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज और हमीदिया रोड होकर वाहन निकल सकेंगे। मोती मस्जिद, रेतघाट, कमला पार्क और पॉलीटेक्निक चौराहा होकर भी आवागमन किया जा सकेगा।
नादरा बस स्टैंड से नए शहर की ओर जाने वाले वाहन अल्पना तिराहा, संगम तिराहा, सब्जी मंडी, ओवरब्रिज, बजरिया तिराहा और 80 फीट रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।
न्यू मार्केट और मैदा मिल की ओर से आने वाले वाहन कमला पार्क, रेतघाट, सदर मंजिल, रॉयल मार्केट, तीन मोहरा, शाहजहांनाबाद थाना तिराहा और हमीदिया रोड होते हुए पुराने शहर और मुख्य रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे।
अशोका गार्डन से जिंसी तक निकलेगा जुलूस
अशोका गार्डन क्षेत्र का जुलूस अशोका गार्डन से शुरू होकर पुष्प नगर पुलिया, नूतन नगर रोड, ऐशबाग रोड, सोनिया कॉलोनी चौराहा, दुर्गा धाम मंदिर रोड, अशोका गार्डन थाना, परिहार चौराहा, मंडी चौराहा और प्रभात चौराहा होते हुए सुभाष नगर ओवरब्रिज पहुंचेगा। इसके बाद स्लाटर हाउस के सामने से जिंसी चौराहा पहुंचकर जुलूस समाप्त होगा।
परिहार चौराहे पर जुलूस पहुंचने पर प्रभात की ओर से आने वाले वाहनों को आईटीआई की ओर डायवर्ट किया जाएगा। प्रभात चौराहा प्रभावित होने पर वाहन अशोका गार्डन और पंजाब बाग होकर निकल सकेंगे।
सुभाष नगर ओवरब्रिज के पास जुलूस पहुंचने पर प्रभात चौराहा, एसबीआई तिराहा और जिंसी की ओर से आने वाले वाहनों को तलैया, लिली चौराहा और कंट्रोल रूम की ओर से निकाला जाएगा।
कमेटी ने भाईचारे का संदेश देने की अपील की
ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुअल हसन बल्ली ने अलग-अलग स्थानों से आने वाले जुलूसों का समापन इमामी गेट पर एक साथ करने की अपील की है। कमेटी का कहना है कि आयोजन को सामाजिक और धार्मिक सौहार्द का मंच बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद आलोक शर्मा, वक्फ बोर्ड चेयरमैन सनवर पटेल, पूर्व सांसद आलोक संजर और महापौर समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
यातायात पुलिस ने की अपील
यातायात पुलिस ने लोगों से जुलूस के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। यातायात संबंधी परेशानी होने पर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।