पेपर लीक विवाद के बीच भी PM मोदी का सोशल मीडिया पर क्रेज बरकरार, इंस्टाग्राम पर रातोंरात जुड़े 10 लाख नए फॉलोअर्स

दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है। सीजेपी अपनी मांगों पर अड़ी हुई है। कई विपक्षी दल भी पेपर लीक मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं। सड़क से लेकर संसद तक इस मुद्दे पर आवाज गूंज रही है। वहीं गुरुवार रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक संदेश वीडियो जारी

Jul 24, 2026 - 23:30
पेपर लीक विवाद के बीच भी PM मोदी का सोशल मीडिया पर क्रेज बरकरार, इंस्टाग्राम पर रातोंरात जुड़े 10 लाख नए फॉलोअर्स

दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है। सीजेपी अपनी मांगों पर अड़ी हुई है। कई विपक्षी दल भी पेपर लीक मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं। सड़क से लेकर संसद तक इस मुद्दे पर आवाज गूंज रही है। वहीं गुरुवार रात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक संदेश वीडियो जारी किया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि आज इस मामले में और भी बड़ी और कड़ी कार्रवाई होगी। खास बात यह है कि पेपर लीक मुद्दे पर पीएम मोदी का यह पहला बयान है।

बता दें कि देश में भले ही पेपर लीक को लेकर बवाल मचा हुआ है, सरकार के खिलाफ नाराजगी है लेकिन दूसरी तरफ पीएम मोदी ने जैसे ही पेपर लीक मुद्दे पर अपना बयान वीडियो बनाकर जारी किया। उनके इंस्टग्राम पर फॉलोअर्स की संख्या में उछाल आ गया। पेपर लीक विवाद के बीच पीएम मोदी के चाहने वालों की संख्या बढ़ना चर्चा का विषय बन गया है।

इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी के फॉलोअर्स में इजाफा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोशल मीडिया पर प्रभाव लगातार मजबूत बना हुआ है। पेपर लीक मुद्दे पर जारी किए गए उनके एक वीडियो संदेश के बाद इंस्टाग्राम पर उनके आधिकारिक अकाउंट से लगभग 10 लाख यानि 1 मिलियन नए फॉलोअर्स जुड़ गए। यह तेजी से बढ़ी फॉलोअर्स संख्या सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता और व्यापक जन-समर्थन को दर्शाती है। वहीं आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र राजनेता हैं।

बता दें कि एक तरफ जहां लाखों छात्र और पूरा विपक्ष सरकार को घेरने में लगा हुआ है। देश के कोने कोने में छात्रों में आक्रोश दिखाई दे रहा है। मोदी और भाजपा विरोधी नारे लग रहे हैं। इसके उपरीत पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर इस तरह 1 मिलियन फॉलोअर्स में इजाफा होना आम बात नहीं है। उन्होंने सिर्फ एक सामान्य वीडियो शेयर किया था। जिसमें उन्होंने पेपर लीक मुद्दे पर कार्रवाई की बात कही है। यह पहली बार नहीं है जब इस तरह पीएम मोदी के फॉलोअर्स बढ़े हो।

पीएम मोदी ने वीडियो संदेश में क्या कहा?

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देर रात 11:52 बजे एक वीडियो संदेश जारी कर देश को संबोधित किया था। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि लाखों छात्रों और उनके परिजनों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि तत्काल परीक्षा लेना जरूरी था। सरकार ने पूरी शक्ति का प्रयोग करके कम से कम समय में 22 लाख छात्रों की परीक्षा का प्रबंध किया। 5 से 6 दिन पहले, 19 को नतीजे भी आ गए। देश भर में पास हुए छात्रों की खुशियों की खबरें भी आ रही हैं। लेकिन हम संतोष मानने वाले लोगों में से नहीं हैं इसलिए मैंने विभागों को निर्देश दिए थे।

पीएम मोदी ने आगे कहा, विभागों ने लगातार मेहनत करके देर रात अपने मसौदे दे दिए। फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रवधान के साथ मसौदे पर शुक्रवार को कैबिनेट में चर्चा होगी। हालांकि आयोजित कैबिनेट में इस संबंध में क्या चर्चा हुई इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं है। वहीं कैबिनेट प्रस्तावों की प्रेस ब्रीफिंग की केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं दी।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Narendra Modi (@narendramodi)