सागर शराबकांड पर डॉ. सीएम मोहन यादव सख्त, MP में नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा

सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर सरकार पूरी गंभीरता और सख्ती से कार्रवाई कर रही है। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों […]

Sep 11, 2026 - 12:30
सागर शराबकांड पर डॉ. सीएम मोहन यादव सख्त, MP में नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा

सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर सरकार पूरी गंभीरता और सख्ती से कार्रवाई कर रही है। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि अपराध और अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा “सागर में हुई घटना को लेकर हमारी सरकार पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। आज पुलिस द्वारा शॉर्ट एनकाउंटर की कार्रवाई की गई है।” उन्होंने कहा कि अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सरकार की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर 

आज सागर जिले के बरायठा जंगल में पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी रवि लखेरा को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान रवि लखेरा के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे बंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस इस कार्रवाई को जहरीली शराब के कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ अभियान का हिस्सा बता रही है।

सागर शराबकांड में अब तक हुई कार्रवाई 

बंडा क्षेत्र में जहरीली अवैध शराब पीने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ी और मौतें हुईं। शुरुआती जांच के बाद प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। कार्रवाई का दायरा सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद आबकारी विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया था और न्यायिक जांच के आदेश दिए थे। बंडा क्षेत्र में आरोपियों और अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की गई। सागर में नए पुलिस महानिरीक्षक इरशाद वली ने भी अवैध शराब के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

मुख्यमंत्री ने की नशे के खिलाफ अभियान चलाने की घोषणा

इस पूरे घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नशाखोरी के खिलाफ प्रदेशभर में अभियान चलाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार नशाखोरी के खिलाफ अभियान चलाएगी और ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कठोरता से कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।