पीएम के आधी रात के वीडियो संदेश पर उमंग सिंघार का हमला, बोले “बहाने नहीं, जवाबदेही चाहिए”, धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग

पेपर लीक विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधी रात जारी वीडियो संदेश के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया का दौर तेज हो गया है। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर कहा कि अब देश का युवा वीडियो संदेश, बहाने और मुद्दे से भटकाने वाली बातें स्वीकार करने वाला नहीं

Jul 24, 2026 - 14:30
पीएम के आधी रात के वीडियो संदेश पर उमंग सिंघार का हमला, बोले “बहाने नहीं, जवाबदेही चाहिए”, धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग

पेपर लीक विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधी रात जारी वीडियो संदेश के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया का दौर तेज हो गया है। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर कहा कि अब देश का युवा वीडियो संदेश, बहाने और मुद्दे से भटकाने वाली बातें स्वीकार करने वाला नहीं है।

उन्होंने सरकार से जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने, जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग की है। कांग्रेस नेता ने कहा कि “युवा चुप नहीं बैठेंगे। सवाल भी पूछेंगे, जवाब भी लेंगे”।

पीएम मोदी ने पेपर लीक पर जारी किया वीडियो

बता दें कि गुरुवार देर रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम वीडियो संदेश जारी कर पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखा था। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने माना कि परीक्षा प्रणाली में हुई गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों की चिंताएं बढ़ाई हैं और सरकार इस विषय को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। प्रधानमंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए देशभर में फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाने के लिए व्यापक सुधार लागू किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी मेहनत और भविष्य की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उमंग सिंघार ने घेरा

प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश के बाद विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सिर्फ वीडियो संदेश जारी करना पर्याप्त नहीं है। उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि “प्रधानमंत्री जी, आधी रात के वीडियो, बहाने और भटकाने वाली बातें अब युवाओं को स्वीकार नहीं हैं। देश जानना चाहता है कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी? युवाओं के सवालों से मत भागिए। जवाब दीजिए। जवाबदेही तय कीजिए।” कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है तो सिर्फ आश्वासन देने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त किया जाए और छात्रों की सभी न्यायसंगत मांगों को स्वीकार किया जाए।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।