पश्चिम बंगाल के लिए शुभेंदु सरकार का मेगा बजट, 1 लाख भर्तियां और महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने सोमवार यानी आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का पहला पूर्ण बजट पेश कर दिया है। इस बजट के जरिए शुभेंदु सरकार ने एक लाख सरकारी नौकरियों की सौगात के साथ महिलाओं के लिए फ्री बस और डीए में 20 फ़ीसदी की वृद्धि सहित बड़े ऐलान किए हैं। बजट पेश

Jun 22, 2026 - 15:30
पश्चिम बंगाल के लिए शुभेंदु सरकार का मेगा बजट, 1 लाख भर्तियां और महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने सोमवार यानी आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का पहला पूर्ण बजट पेश कर दिया है। इस बजट के जरिए शुभेंदु सरकार ने एक लाख सरकारी नौकरियों की सौगात के साथ महिलाओं के लिए फ्री बस और डीए में 20 फ़ीसदी की वृद्धि सहित बड़े ऐलान किए हैं।

बजट पेश करने से पहले मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और वित्त मंत्री स्वप्न दास गुप्ता को पूजा करते हुए देखा गया। यह बजट पारंपरिक बंगाली चटाई और जूट से तैयार की गई फाइल में विधानसभा पहुंचाया गया। जिससे स्थानीय स्थल पर सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिला।

एक लाख पदों पर भर्ती, महिलाओं को आरक्षण

शुभेंदु सरकार ने अपने बजट में राज्य में एक लाख खाली पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस भर्ती में 33% आरक्षण महिलाओं के लिए निर्धारित किया गया है। इससे महिला सशक्तिकरण और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

कर्मचारियों को 20 फीसदी DA वृद्धि

विधानसभा बजट में वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता ने कहा कि हम भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था विकसित करना चाहते हैं और नई सरकार का लक्ष्य एक विकसित और भविष्य के लिए तैयार बंगाल बनाना है। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में 20% की वृद्धि का ऐलान किया। इस वृद्धि के बाद अलाउंस बढ़कर 38% हो जाएगा। यह फैसला 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा।

 

महिलाओं के लिए फ्री बस

पश्चिम बंगाल के बीजेपी सरकार ने 14000 करोड़ के बजटीय प्रावधान की घोषणा की है। महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा जारी रखने के लिए 550 करोड आवंटित किए गए हैं। सेवा का लाभ मिल सके इसके लिए सरकार पिंक कार्ड जारी करेगी। इसके अलावा अन्नपूर्णा योजना के लिए भी बड़ा प्रावधान किया गया है। वहीं राज्य की सभी खदानों की नीलामी केंद्र सरकार की ई ऑक्शन प्रणाली के माध्यम से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहेगी।

 

युवाओं के लिए भरोसा

इस बजट के दौरान शुभेंदु सरकार ने 21 से 45 वर्ष के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए भरोसा योजना शुरू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत ऐसे बेरोजगार युवा जो ग्रेजुएट हैं उन्हें 3000 रुपए और अन्य युवाओं को 2000 रुपए मासिक भत्ता मिलेगा। यह सुविधा उन परिवारों को मिलेगी जो उनकी वार्षिक आय 1 लाख रुपए से कम है। इसी के साथ राज्य के हर जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे।

मानदेय और मासिक भत्ते में वृद्धि

इस बजट में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय में 5000 रुपए की वृद्धि की गई है वहीं बुजुर्गों, विद्वान और दिव्यांगों के मासिक भत्ते में 500 रुपए बढ़ाए गए हैं। परिवहन निगम के बस कंडक्टरों के पारिश्रमिक में वृद्धि का ऐलान किया गया है। इसी के साथ सेवानिवृत्ति पत्रकारों को हर महीने 5000 रुपए पेंशन देने की घोषणा भी की गई है।

स्कूलों और विश्वविद्यालयों के लिए क्या

बजट में प्राथमिक स्कूलों में मिड डे मील की सामग्री की लागत बढ़ाकर 10 रुपए किए जाने का ऐलान किया गया है। इस्कॉन के सहयोग से कोलकाता में पौष्टिक भोजन दिया जाएगा। झाड़ग्राम और बांकुड़ा में दो केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाए जाएंगे। आदर्श विद्यालयों के लिए 2100 करोड़ और संस्कृत कॉलेज व भाषा प्रचार के लिए 50 करोड़ आवंटित किए गए हैं।

आपकी सरकार आपके द्वार

मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणा में कहा कि राज्य में चल रही सभी पुरानी सामाजिक सुरक्षा योजना जारी रहेगी। लेकिन समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक इसका लाभ पहुंचे यह सुनिश्चित करने के लिए उसमें आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं। भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए आपकी सरकार आपके द्वारा नाम की नई पहल शुरू की जाएगी। विधायक कोष के बारे में दी गई जानकारी के मुताबिक इसे 70 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ कर दिया गया है।