मऊगंज में एमडी फैक्ट्री का भंडाफोड़ चार आरोपी गिरफ्तार, 01 करोड़ 28 लाख रुपये के मादक पदार्थ, केमिकल जब्त
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने, तस्करों पर शिकंजा कसने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से प्रदेशभर में निरंतर अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने, तस्करों पर शिकंजा कसने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से प्रदेशभर में निरंतर अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मऊगंज पुलिस ने अवैध सिंथेटिक मादक पदार्थ (एमडी) निर्माण से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 1 करोड़ 28 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
“ऑपरेशन प्रहार-2”
विंध्य क्षेत्र में संचालित “ऑपरेशन प्रहार-2” के अंतर्गत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊगंज श्री सुरेंद्र कुमार जैन के नेतृत्व में की गई। मऊगंज पुलिस पूर्व से ही नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है तथा पिछले माह एनडीपीएस अधिनियम के 18 प्रकरण दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई की गई थी। जुलाई माह के प्रारंभ में ही अवैध एमडी निर्माण इकाई पर की गई यह कार्रवाई प्रदेश में नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस की सतत एवं सख्त रणनीति का प्रमाण है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सचि पाठक के पर्यवेक्षण में थाना शाहपुर एवं चौकी खटखरी पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक मऊगंज स्वयं मौके पर पहुंचकर संपूर्ण कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
एक करोड़ कीमत की एमडी जब्त
कार्रवाई में लगभग 360 ग्राम संदिग्ध सिंथेटिक मादक पदार्थ (एमडी), जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है, जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त मादक पदार्थ निर्माण में प्रयुक्त 300 लीटर से अधिक विभिन्न रासायनिक पदार्थ, ओवन मशीन, जनरेटर, वैक्यूम पंप, हीटर, मोटर, मोटर कंट्रोलर, तापमान मापक यंत्र, विभिन्न क्षमता के कांच के फ्लास्क सहित अन्य उपकरण, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, भी बरामद किए गए। साथ ही एक महिंद्रा नियो बोलेरो वाहन भी जब्त किया गया। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 1 करोड़ 28 लाख है।
पुलिस तलाश रही नेटवर्क
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना शाहपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला, स्रोत तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी एकत्रित कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
DGP ने की सराहना
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा है कि मध्यप्रदेश पुलिस प्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ मादक पदार्थों के उत्पादन, तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रखेगी। रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा इस उल्लेखनीय कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाने की घोषणा भी की गई है।
15 जुलाई से “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई से “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” राज्यव्यापी जनजागरूकता अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों, कानूनी परिणामों तथा सामाजिक-आर्थिक नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा। एक ओर जहां प्रदेशभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी, वहीं दूसरी ओर नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार की कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।