केंद्र सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 सचिव स्तर की नियुक्तियां, शिक्षा, गृह, आवास समेत कई मंत्रालयों में हुए बदलाव
केंद्र सरकार ने वरिष्ठ नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में नए सचिवों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। दरअसल मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने 13 सचिव स्तर की नियुक्तियों के साथ चार वरिष्ठ अधिकारियों को इन-सीटू पदोन्नति देकर भारत सरकार के सचिव के बराबर रैंक प्रदान की है। शिक्षा,
केंद्र सरकार ने वरिष्ठ नौकरशाही में बड़ा फेरबदल करते हुए कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में नए सचिवों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। दरअसल मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने 13 सचिव स्तर की नियुक्तियों के साथ चार वरिष्ठ अधिकारियों को इन-सीटू पदोन्नति देकर भारत सरकार के सचिव के बराबर रैंक प्रदान की है। शिक्षा, पंचायती राज, आवास एवं शहरी कार्य, खान, श्रम, गृह, पशुपालन और पूर्वोत्तर विकास जैसे अहम मंत्रालयों में हुए इस बदलाव को केंद्र सरकार के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दरअसल कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश के अनुसार कुछ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई मंत्रालयों में सेवानिवृत्त होने वाले सचिवों के स्थान पर नई नियुक्तियां की गई हैं। आने वाले दिनों में सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों का कार्यभार संभालेंगे।
इन मंत्रालयों में बदले सचिव
वहीं ताजा आदेश के मुताबिक गुजरात कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी काटिकिथला श्रीनिवास को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (DoNER) का सचिव नियुक्त किया गया है। विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव बनाया गया है, जबकि नरेश पाल गंगवार को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। latest transfers
इसी तरह केशव चंद्र को खान मंत्रालय, टी.के. अनिल कुमार को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा चंद्र भूषण कुमार को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। डी. थारा को आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के पूंजी विकास विभाग का सचिव बनाया गया है, जबकि सतेंद्र सिंह को शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं इसके अलावा पीयूष गोयल को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का महासचिव, बी. राजेंद्र को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) का निदेशक और सुचिंद्र मिश्रा को राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं सुशील कुमार लोहानी को पशुपालन एवं डेयरी विभाग में विशेष कार्याधिकारी (OSD) बनाया गया है और बाद में वे सचिव का कार्यभार संभालेंगे। अर्चना वर्मा को सचिव स्तर पर पदोन्नत कर आगे गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
चार वरिष्ठ अधिकारियों को मिला सचिव स्तर का दर्जा
दरअसल नियुक्तियों के साथ ही केंद्र सरकार ने चार वरिष्ठ अधिकारियों को इन-सीटू प्रमोशन देकर भारत सरकार के सचिव के बराबर रैंक और वेतन देने का फैसला किया है। इस व्यवस्था के तहत अधिकारी अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे, लेकिन उन्हें सचिव स्तर का दर्जा प्राप्त होगा। वहीं इन अधिकारियों में भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव, नीति आयोग में सलाहकार राजीव सिंह ठाकुर तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में महानिदेशक (प्रशिक्षण) दिलीप कुमार शामिल हैं।
प्रशासनिक कामकाज पर पड़ेगा सीधा असर
दरअसल केंद्र सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब कई मंत्रालयों में नई योजनाओं और बड़े फैसलों पर तेजी से काम चल रहा है। नए सचिवों की नियुक्ति के बाद शिक्षा, शहरी विकास, श्रम, पंचायती राज, पूर्वोत्तर विकास, गृह और अन्य मंत्रालयों में प्रशासनिक निर्णयों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन को नई गति मिलने की उम्मीद है।