कांग्रेस में वापसी की अटकलों के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात, क्या है वजह?
पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दरअसल कांग्रेस में वापसी की अटकलों के बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार, 6 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वहीं इस अहम बैठक की जानकारी खुद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साझा
पंजाब की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दरअसल कांग्रेस में वापसी की अटकलों के बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार, 6 जून को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वहीं इस अहम बैठक की जानकारी खुद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साझा की। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह के साथ पंजाब से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में पंजाब भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कैप्टन ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी, जिसके बाद उनकी राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
दरअसल कैप्टन अमरिंदर सिंह की यह मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि कुछ दिनों पहले ही उन्होंने पंजाब भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति पर सवाल खड़े किए थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा था कि केवल सिंह ढिल्लों इस पद के लिए उपयुक्त नहीं हैं। उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर यह आरोप भी लगाया था कि पार्टी के बड़े फैसलों में उनसे किसी प्रकार की सलाह नहीं ली जाती। कैप्टन की इन तीखी प्रतिक्रियाओं के बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि वह दोबारा कांग्रेस में वापसी कर सकते हैं। ऐसे में अमित शाह से उनकी मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह की नाराजगी
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने 28 मई को केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्होंने सुनील जाखड़ की जगह ली है, जो लंबे समय से पंजाब भाजपा का प्रमुख चेहरा माने जाते रहे हैं। इस बदलाव को लेकर पार्टी के भीतर भी कई तरह की चर्चाएं सामने आई थीं। कैप्टन अमरिंदर सिंह की नाराजगी ने इस पूरे घटनाक्रम को और अधिक राजनीतिक महत्व दे दिया।
Had a meeting with Union Home Minister Shri Amit Shah Ji today in New Delhi and discussed various issues concerning Punjab.@AmitShah pic.twitter.com/ryzH7XJyLa
— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) June 6, 2026
सोशल मीडिया पर दी मुलाकात की जानकारी
वहीं अमित शाह से मुलाकात के अलावा कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी मुलाकात की। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में जेपी नड्डा के साथ पंजाब के विभिन्न मुद्दों और राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा हुई। यह संकेत माना जा रहा है कि कैप्टन भाजपा नेतृत्व के साथ लगातार संवाद बनाए हुए हैं।
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस मुलाकात की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ उनकी सार्थक चर्चा हुई, जिसमें पंजाब समेत कई राजनीतिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा नेतृत्व कैप्टन अमरिंदर सिंह की नाराजगी दूर करने और पंजाब में संगठन को मजबूत बनाए रखने की कोशिश में जुटा हुआ है।