कांग्रेस की साइक्लोथॉन का आज भोपाल में होगा समापन, 200 किलोमीटर लंबी यात्रा साइकिल से पूरी कर रहे जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश में कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा बुधवार को अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। दरअसल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर से शुरू हुई करीब 200 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा के बाद आज भोपाल पहुंचेंगे। बता दें कि यह यात्रा राहुल गांधी के छात्रों की गूंज अभियान के तहत निकाली जा रही है
मध्य प्रदेश में कांग्रेस की साइक्लोथॉन यात्रा बुधवार को अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। दरअसल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर से शुरू हुई करीब 200 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा के बाद आज भोपाल पहुंचेंगे। बता दें कि यह यात्रा राहुल गांधी के छात्रों की गूंज अभियान के तहत निकाली जा रही है जिसका उद्देश्य युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। कांग्रेस इस अभियान के जरिए पेपर लीक प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और रोजगार जैसे विषयों पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।
दरअसल यात्रा की शुरुआत मंगलवार को इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) परिसर के सामने से हुई थी। पहले दिन बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक साइकिल यात्रा में शामिल हुए। पार्टी का कहना है कि यह सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों और युवाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाने की पहल है।
दूसरे दिन क्या रहा खास?
वहीं बुधवार सुबह यात्रा की शुरुआत सीहोर जिले के कोठरी कस्बे से हुई। दरअसल यहां से जीतू पटवारी का काफिला सीहोर पहुंचेगा जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करने का कार्यक्रम रखा है। वहीं इसके बाद यात्रा भोपाल की ओर रवाना होगी जहां इसका समापन होना है। कांग्रेस का दावा है कि जीतू पटवारी लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से साइकिल चलाते हुए पूरे अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। हालांकि यात्रा को लेकर अलग-अलग तरह की तस्वीरें भी सामने आईं। कांग्रेस ने शुरुआत में दावा किया था कि करीब 2,000 साइकिल यात्री इस अभियान का हिस्सा बनेंगे। शुरुआती चरण में इंदौर में 100 से अधिक साइकिलें दिखाई दीं, लेकिन यात्रा आगे बढ़ने के साथ प्रतिभागियों की संख्या कम होती नजर आई।
क्या है कांग्रेस का चुनावी एजेंडा?
दरअसल कांग्रेस छात्रों की गूंज अभियान के तहत युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। पार्टी का कहना है कि पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित किया है। इसी वजह से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, समय पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर देने की मांग लगातार उठाई जा रही है। भोपाल में यात्रा के समापन कार्यक्रम में प्रदेश के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के शामिल होने की संभावना है।