Nepal Flood: जहां अभी नहीं भरे जख्म, वहीं फिर मंडराया खतरा; नेपाल में नदी का तेज बहाव बना चिंता
नेपाल में भोटेकोशी नदी का बहाव तेज होने के बाद रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। इससे पहले 26 अगस्त की बाढ़ में इन जिलों में भारी नुकसान हुआ था।
New Delhi: नेपाल में भोटेकोशी नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। नदी का बहाव तेज होने के बाद खासकर डाउनस्ट्रीम यानी नदी के निचले हिस्सों में रहने वाले लोगों को सावधान रहने को कहा गया है।
रसुवा जिला प्रशासन को नदी में पानी के तेज बहाव की आवाजें सुनाई देने के बाद तत्काल सतर्कता बढ़ाई गई। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह
प्रशासन ने भोटेकोशी और आसपास की नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। बाढ़ का खतरा बढ़ने की स्थिति में लोगों को निचले और जोखिम वाले क्षेत्रों से निकलकर ऊंचाई वाले सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। राहत और बचाव कार्य में लगी टीमों तथा सुरक्षाकर्मियों को भी नदी के आसपास काम करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नुवाकोट और धादिंग का स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं स्टैंडबाय पर रखी गई हैं।
ये भी पढ़ें: Nepal Flood: जहां कभी बाजार की रौनक थी, वहां अब सिर्फ मलबा; नेपाल बाढ़ ने उजाड़ दी हजारों जिंदगियां
26 अगस्त की बाढ़ में पहले ही हो चुका है भारी नुकसान
भोटेकोशी नदी में बढ़ते जलस्तर की चेतावनी ऐसे समय आई है, जब 26 अगस्त को आई बाढ़ ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग में भारी तबाही मचाई थी। इस आपदा में कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए गए हैं। बाढ़ के तेज बहाव में नेपाल-चीन सीमा को जोड़ने वाला मितेरी पुल भी बह गया था। इसके अलावा करीब 19 पुल और 40 किलोमीटर से अधिक सड़कें क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हो गई थीं। इससे क्षेत्र में आवागमन और राहत कार्य प्रभावित हुआ है।
पासांग ल्हामू हाईवे भी हुआ प्रभावित
पिछली बाढ़ से हुए नुकसान के कारण पासांग ल्हामू हाईवे भी बाधित है। सड़क और पुलों के टूटने से प्रभावित इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर राहत और बचाव कार्य के लिए नेपाली सेना को हेलीकॉप्टर की मदद लेनी पड़ रही है। ऐसे में भोटेकोशी नदी में दोबारा जलस्तर बढ़ने की सूचना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें: Nepal Update | Video | 6 हाइड्रो प्रोजेक्ट्स में फंसे 500 लोग, सेना और NAPF चला रहे युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
फिलहाल बड़े खतरे की संभावना कम
नेपाल के जलविज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग के बाढ़ पूर्वानुमान प्रभाग ने सुबह 5:45 बजे अपडेट जारी किया। रसुवा जिला पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर बताया गया कि नदी के जलस्तर में फिलहाल मामूली वृद्धि दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार तत्काल किसी बड़े खतरे की संभावना कम है। इसके बावजूद प्रशासन ने लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने और नदी के जलस्तर में बदलाव होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर जाने की अपील की है।