Bhopal News: सड़कों की बदहाली पर दिशा की बैठक में BJP विधायक नाराज, जनपद अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायक को दी औकात में रहने की चेतावनी

भोपाल कलेक्ट्रेट में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक में आज भारी हंगामा हो गया , नगर निगम की बे तरतीब प्लानिंग को लेकर बदहाल हो रही शहर की सड़कों को लेकर भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी ने नाराजी जताई है, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने शहर के लिए एक प्लांड

Jul 10, 2026 - 17:30
Bhopal News: सड़कों की बदहाली पर दिशा की बैठक में BJP विधायक नाराज, जनपद अध्यक्ष ने कांग्रेस विधायक को दी औकात में रहने की चेतावनी

भोपाल कलेक्ट्रेट में आयोजित दिशा (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की बैठक में आज भारी हंगामा हो गया , नगर निगम की बे तरतीब प्लानिंग को लेकर बदहाल हो रही शहर की सड़कों को लेकर भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी ने नाराजी जताई है, कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने शहर के लिए एक प्लांड मास्टर प्लान की जरूरत बताई इसी बात पर उनकी जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत से बहस हो गई, राजपूत ने उन्हें औकात में रहने की चेतावनी दी, सांसद आलोक शर्मा ने हस्तक्षेप किया लेकिन गरमा गर्मी जारी रही इसके बाद आरिफ मसूद के साथ विधायक आतिफ अकील ने बैठक का वॉकआउट कर दिया, कांग्रेस विधायकों ने कहा वे इसकी शिकायत विधानसभा अध्यक्ष से करेंगे।

सांसद आलोक शर्मा की अध्यक्षता में और कलेक्टर, निगम कमिश्नर की मौजूदगी में आज कलेक्ट्रेट में शहर विकास पर चर्चा के लिए दिशा की बैठक आयोजित की गई , इसमें मौजूद जन प्रतिनिधियों ने अपने अपने सुझाव देना शुरू किये लेकिन बैठक उस समय हंगामे में बदल गई जब जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत और कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के बीच तीखी बहस शुरू हो गई बात औकात और देख लेने तक पहुंच गई, सांसद ने बहुत समझाने की कोशिश की लेकिन नाराज विधायक आरिफ मसूद और आतिफ अकील ये कहते हुए बैठक छोड़कर चले गए कि यहाँ विधायक बेइज्जत होने नहीं आये।

BJP विधायक नाराज, बोले आप लोगों ने मजाक बना रखा है 

बैठक में शहर की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठा, भाजपा विधायक भगवान दास सबनानी ने आराधना नगर में हाल ही में बनी सड़क को बार बार नगर निगम द्वारा खोदे जाने का मुद्दा उठाया उन्होंने नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन से इस बात को लेकर नाराजगी जताई और कहा ..अधिकारियों ने मजाक बना रखा है। कमिश्नर ने भी कहा मेरे निर्देश हैं कि कि यदि पानी या सीवर लाइन डाली जानी है तो सड़क बनने के पहले निपटाएं मैं चैक कराती हूँ।

दिशा बैठक में कांग्रेस विधायक को मिली औकात में रहने की चेतावनी 

बैठक के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक आरिफ मसूद ने मास्टर प्लान का मुद्दा उठाया उन्होंने कहा कि यदि शहर  का व्यवस्थित विकास करना है तो उसके लिए एक मास्टर प्लान होना चाहिए वे जब सांसद आलोक शर्मा से मुखातिब होकर बात कर रहे थे तो पास में ही बैठे जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत ने उन्हें टोका और कहा कैसा मास्टर प्लान? इसी बात पर दोनों में तेज बहस शुरू हो गई और शब्दों की मर्यादा तार तार हो गई, राजपूत ने आरिफ मसूद को औकात में रहने की चेतावनी दी, बात एक दूसरे को देख लेने तक पहुंच गई।

आरिफ मसूद ने कहा बेइज्जती और बदतमीजी बर्दाश्त नहीं होगी

जनपद अध्यक्ष पर भड़कते हुए आरिफ मसूद और विधायक आतिफ अकील अपनी सीट से खड़े हुए और जाने लगे, सांसद आलोक शर्मा ने उन्हें रुकने का अनुरोध किया तो उन्होंने कहा यहाँ कांग्रेस विधायक बेइज्जती कराने नहीं आये, और फिर दोनों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया, बाहर मीडिया से बात करते हुए आरिफ मसूद और आतिफ अकील ने कहा कि जनपद अध्यक्ष का व्यवहार अपमानजनक है, बेइज्जती और बदतमीजी बर्दाश्त नहीं होगी,  हम इसकी शिकायत विधान सभा अध्यक्ष से करेंगे।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।