भोपाल के बैरागढ़ में व्यापारी पर चाकूबाजी के बाद व्यापारियों में आक्रोश, दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
राजधानी भोपाल के व्यापारिक नगर संत हिरदाराम नगर (संत नगर) में कपड़ा व्यापारी पर हुए चाकू से हमले के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही चोरी, लूट और चाकूबाजी की घटनाओं से व्यापारिक समुदाय में भय का माहौल है। मंगलवार को एक दर्जन से अधिक व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल
राजधानी भोपाल के व्यापारिक नगर संत हिरदाराम नगर (संत नगर) में कपड़ा व्यापारी पर हुए चाकू से हमले के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही चोरी, लूट और चाकूबाजी की घटनाओं से व्यापारिक समुदाय में भय का माहौल है। मंगलवार को एक दर्जन से अधिक व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल और पूज्य सिंधी पंचायत के पदाधिकारियों ने स्थानीय थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की और आरोपियों को दो दिन के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को बताया कि हाल के दिनों में संत नगर और गांधी नगर क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। दुकानों में चोरी, दिनदहाड़े हमले और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाएंगे।
पुलिस ने दिया भरोसा
इस दौरान पुलिस ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि व्यापारी पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। थाना प्रभारी अशोक गोतम बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो अलग-अलग स्तर पर तकनीकी और मैदानी जांच में जुटी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। उधर, हमले में घायल व्यापारी नीरज जनियानी की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। उनका उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत पहले से बेहतर है।
विधायक से मिलेगे
व्यापारियों ने यह भी निर्णय लिया है कि बुधवार को वे क्षेत्रीय विधायक से मुलाकात कर संत नगर और गांधी नगर में बढ़ रहे अपराधों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी जाएगी। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि बाजारों में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय बनाकर प्रभावी रणनीति तैयार करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रतिनिधि मंडल में कन्हैया इसरानी,वासदेव वाधवानी,राजकुमार वाधवानी,सुरेश रीझवानी आदि मौजूद रहे।
भोपाल से रवि कुमार की रिपोर्ट