ग्राम पंचायत सचिव से उपयंत्री ने ली रिश्वत, लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा
लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने खरगोन जिले की जनपद पंचायत कार्यालय महेश्वर में पदस्थ एक उपयंत्री को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है, आरोपी उपयंत्री ग्राम पंचायत सचिव से रिश्वत ले रहा था। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय इंदौर से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अवलिया तहसील महेश्वर जिला खरगोन निवासी मंगन सिंह मकवाने
लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने खरगोन जिले की जनपद पंचायत कार्यालय महेश्वर में पदस्थ एक उपयंत्री को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है, आरोपी उपयंत्री ग्राम पंचायत सचिव से रिश्वत ले रहा था।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय इंदौर से मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम अवलिया तहसील महेश्वर जिला खरगोन निवासी मंगन सिंह मकवाने ने एक शिकायती आवेदन कार्यालय में दिया था जिसमें उन्होंने जनपद सीईओ कार्यालय में पदस्थ उप यंत्री (संविदा) मनोज सावले पर रिश्वत मांगने के आरोप लगाए थे।
क्या है पूरा मामला?
शिकायती आवेदन में मंगन सिंह ने बताया कि वो ग्राम पंचायत बडवेल / कांकरिया तहसील महेश्वर जिला खरगोन में सचिव है। उसने गांव में कूप जाली का निर्माण कराया था उसने और भी काम कराये थे उसका कार्य पूर्णता प्रमाणपत्र देने के बदले उपयंत्री मनोज सावले, कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत महेश्वर जिला खरगोन 14,000/- रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
आवेदक ने कहा कि उपयंत्री पहले ही दबाव बनाकर उससे 4000/- रुपये यूपीआई के माध्यम से ले चुका है, अब और मांग रहा है। शिकायती आवेदन मिलने के बाद सत्यापन के आदेश एसपी ने किये। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने की बात सही निकली।
लोकायुक्त पुलिस ने उपयंत्री को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
रिश्वत मांगे जाने के सबूत मिलने के बाद ट्रैप प्लान की गई, उपयंत्री ने सचिव को आज 5 जून को 4000/- रुपये लेकर कार्यालय बुलाया, इंदौर लोकायुक्त पुलिस की टीम तय समय पर वहां पहुँच गई और जैसे ही ग्राम पंचायत सचिव ने रिश्वत की राशि उपयंत्री को दी लोकायुक्त पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया, लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी उपयंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।