लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती और बंगला खाली करने के नोटिस पर भड़की मीसा भारती, कहा “मुद्दों से भटकाने का प्रयास”
आरजेडी सांसद मीसा भारती ने बिहार सरकार द्वारा उनके माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती तथा सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रतिशोध और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में
आरजेडी सांसद मीसा भारती ने बिहार सरकार द्वारा उनके माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती तथा सरकारी आवास खाली करने के नोटिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे राजनीतिक प्रतिशोध और जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ ऐसे लोगों की सुरक्षा बढ़ाई गई है जिनका आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि दूसरी ओर देश और राज्य के वरिष्ठ एवं संवैधानिक पदों पर रह चुके नेताओं की सुरक्षा में कटौती की जा रही है।
क्या है मामला
बता दें कि बिहार सरकार ने हाल ही में वीआईपी सुरक्षा की समीक्षा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की ज़ेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली। इसके स्थान पर उन्हें बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (BSAP) और जिला पुलिस की सीमित सुरक्षा दी गई। लालू-राबड़ी दंपति ने इस नई व्यवस्था का विरोध करते हुए नए सुरक्षा कर्मियों को वापस भेज दिया।
इसके साथ ही राबड़ी देवी को 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का नोटिस जारी किया गया। परिवार को 15 दिनों का समय दिया गया है। इस बंगले को अब पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित कर दिया गया है। राबड़ी देवी के लिए हार्डिंग रोड स्थित 39 नंबर बंगला विकल्प के रूप में आवंटित किया गया है, लेकिन परिवार ने इसे स्वीकार नहीं किया है।
मीसा भारती ने बिहार सरकार पर लगाए आरोप
इस पूरे मामले पर आरजेडी सांसद मीसा भारती ने एएनआई से बातचीत के दौरान बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ ऐसे लोगों की सुरक्षा बढ़ाई गई है जिनका आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि दूसरी ओर देश और राज्य के वरिष्ठ पदों पर रह चुके नेताओं की सुरक्षा में कटौती की जा रही है। मीसा भारती ने कहा कि लालू प्रसाद यादव दो बार रेल मंत्री रह चुके हैं और बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं, वहीं राबड़ी देवी राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री रही हैं और वर्तमान में विधान परिषद में विपक्ष की नेता भी हैं। इसके बावजूद उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का यह कदम राजनीतिक रूप से प्रेरित है और जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश है। मीसा भारती ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी और महंगाई जैसी समस्याएं गंभीर हैं, लेकिन सरकार इन पर काम करने के बजाय इस तरह के फैसलों के जरिए ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।