बिजली कंपनी के कर्मचारियों को राखी का तोहफा, शासन ने 160 अनुकंपा संविदा कर्मियों किया नियमित, ऊर्जा मंत्री ने दी बधाई
मध्य प्रदेश शासन अनुकंपा नियुक्ति पाकर संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित भी करता है इसी क्रम में इन दिनों ऊर्जा विभाग में अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर दी गई नियुक्तियों को नियमित करने की प्रक्रिया जारी है, सरकार ने कल बुधवार को एमपी ट्रांसको में अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर
मध्य प्रदेश शासन अनुकंपा नियुक्ति पाकर संविदा पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित भी करता है इसी क्रम में इन दिनों ऊर्जा विभाग में अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर दी गई नियुक्तियों को नियमित करने की प्रक्रिया जारी है, सरकार ने कल बुधवार को एमपी ट्रांसको में अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर कार्यरत 43 कर्मियों को नियमित नियुक्ति दी गई थी और आज मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी लिमिटेड ने 160 अनुकंपा संविदा कर्मियों को नियमित नियुक्ति प्रदान की है।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने नियमित नियुक्ति प्राप्त करने वाले सभी कर्मचारियों को बधाई दी है, उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में कर्मचारी हितैषी सरकार है जो अपने कर्मचारियों का ध्यान रखती है उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। साथ ही प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को देश में मिली विशिष्ट पहचान को बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
159 कार्यालय सहायक और एक लाइन परिचारक नियमित
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) ने बताया कि दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की अनुकंपा नियुक्ति नीति-2018 एवं संशोधित नीति-2023 के प्रावधानों के तहत संविदा पदों पर नियुक्त किया गया था।
कंपनी द्वारा वर्ष 2026 की अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर नियुक्त कर्मचारियों की समकक्ष नियमित पद पर नवीन नियुक्ति योजना के अंतर्गत पात्र संविदा कर्मियों को नियमित पदों पर नियुक्ति दी गई है। इसके तहत 160 कर्मचारियों के नियमित नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। नियमित किए गए कर्मियों में कार्यालय सहायक श्रेणी-3 प्रशिक्षु के 159 कर्मचारी और लाइन परिचारक प्रशिक्षु का एक कर्मचारी शामिल है।
OBC वर्ग के 78 कर्मचारी शामिल
नियमित नियुक्ति पाने वाले 160 कर्मचारियों में विभिन्न वर्गों के कर्मचारी शामिल हैं। इनमें अनारक्षित वर्ग के 52, अन्य पिछड़ा वर्ग के 78, अनुसूचित जाति वर्ग के 19 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 11 कर्मी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले कल बुधवार को मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा भी अनुकंपा आधार पर संविदा पदों पर कार्यरत 43 कर्मचारियों को नियमित नियुक्ति दी गई थी। ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। पात्र कर्मचारियों को नियमित नियुक्ति मिलने से उनके परिवारों को स्थायित्व और भविष्य की बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।