अमरनाथ यात्रियों को पीएम मोदी का पत्र, शुभकामनाओं के साथ 5 संकल्प लेने का किया आग्रह

आज से अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ हो चुका है और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को पत्र लिखा है। इस पत्र के जरिए उन्होंने इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा के बारे में बात की है और श्रद्धालुओं से पांच संकल्पों को अपनाने की अपील भी की है। पीएम

Jul 3, 2026 - 12:30
अमरनाथ यात्रियों को पीएम मोदी का पत्र, शुभकामनाओं के साथ 5 संकल्प लेने का किया आग्रह

आज से अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ हो चुका है और इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को पत्र लिखा है। इस पत्र के जरिए उन्होंने इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा के बारे में बात की है और श्रद्धालुओं से पांच संकल्पों को अपनाने की अपील भी की है।

पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर पत्र लिखते हुए कहा बाबा बर्फानी के दर्शन से जुड़ी अमरनाथ यात्रा आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक एकता का शाश्वत अध्याय है। शिव भक्तों के लिए यात्रा हर तरह से सुरक्षित और मंगलमय हो मेरी यही कामना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प लेने की भी अपील की है।

पीएम मोदी का पत्र

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पत्र में यात्रियों को संबोधित करते हुए लिखा कि जम्मू कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा में सम्मिलित होना अपने आप में बहुत बड़ा सौभाग्य होता है। ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन से बाबा बर्फानी के दर्शन का क्रम शुरू हो जाता है। देश के कोने-कोने से श्रद्धालु इस पावन यात्रा में सम्मिलित होने के लिए पहुंचते हैं। बाबा बर्फानी के प्रत्यक्ष दर्शन का ये क्षण बहुत ही शुभ और अविस्मरणीय अनुभव होता है। इस अवसर पर आप सभी शिव भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।

5 संकल्प लेने का किया आग्रह

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यात्रा पर जा रहे हैं श्रद्धालुओं से पांच संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने लिखा इस वर्ष मैं यात्रा पर जा रहे हैं सभी श्रद्धालुओं से कुछ संकल्पों का आग्रह करना चाहता हूं।

पहला संकल्प हम अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता के नियमों का पालन करें और यात्रा मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें।

दूसरा संकल्प हम प्रशासन के आदेशों सुरक्षा संबंधी निर्देश और यातायात के नियमों का निष्ठा से पालन करें। बारिश की वजह से फिसलन और ठंड का विशेष ध्यान रखें।

तीसरा संकल्प हम लोकल फिर वोकल की भावना से यात्रा के खर्च का कम से कम 10% उपयोग स्थानीय उत्पादों को खरीदने में करें। इससे जम्मू कश्मीर के परिवारों और युवाओं की आजीविका मजबूत होगी।

चौथा संकल्प बाबा अमरनाथ यात्रा के समापन दिवस यानी रक्षाबंधन पर अपने भाई या बहन को एक पौधा भेंट करें और एक पेड़ मां के नाम अभियान को आगे बढ़ाएं।

पांचवा संकल्प हम राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ पूरे साल अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें और विकसित भारत में निर्माण में सहयोग दें।

यात्रा के बारे क्या कहा

पीएम मोदी ने अपने पत्र में आगे कहा कि मुझे यह विश्वास है कि अमरनाथ दर्शन यात्रा सनातन धर्म की आस्था, भारत की सांस्कृतिक एकता और सेवा परंपरा का भव्य महोत्सव बनकर पूर्ण होगी। आपकी यात्रा सुरक्षित, मंगलमय हो और जीवन में नई ऊर्जा, चेतना और आध्यात्मिक शक्ति का संचार करे। मेरी कामना है कि बाबा अमरनाथ की असीम कृपा हम सभी पर बनी रहे। वह हमें अपने कर्तव्य के प्रति अधिक समर्पित बनाएं ताकि हम मिलकर विकसित भारत का संकल्प सिद्ध कर सकें। आप सभी को अमरनाथ यात्रा के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।

सीआरपीएफ और सैन्य जवानों की तारीफ

अपने इस पत्र में प्रधानमंत्री भारतीय सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ, आइटीबीपी, जम्मू कश्मीर पुलिस, एनडीआरफ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े चिकित्सकों और कर्मियों, सफाई मित्रों, प्रशासनिक अधिकारी और भक्तों की सेवा में जुटे सभी साथियों का हृदय से अभिनंदन करते नजर आए।

उन्होंने लिखा दशकों से श्री अमरनाथ जी साइन बोर्ड और जम्मू कश्मीर सरकार कुशलता और सेवा भाव से यात्रा का प्रबंधन कर रहे हैं। यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराने में प्रशासन सुरक्षा बलों की भी बहुत बड़ी भूमिका होती है। इन दो महीना के दौरान इस पवित्र धाम में भारत की विविधता में एकता का अद्भुत स्वरूप देखने को मिलता है। जम्मू कश्मीर के हजारों स्थानीय नागरिक श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत करते हैं। यह भावना हमारे सनातन संस्कृति और सर्वे भवंतु सुखिन: के आदर्श की सजीव अभिव्यक्ति है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया आभार

प्रधानमंत्री के इस पत्र पर जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आभार जताते हुए साझा किया है। उन्होंने लिखा पावन श्री अमरनाथ जी यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने श्रद्धालुओं के नाम भावपूर्ण संदेश प्रेषित किया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक रूप से समृद्ध और मंगलमय यात्रा की प्रार्थना करते हुए बाबा बर्फानी के भक्तों के लिए प्रेरणादायी संकल्प भी साझा किए हैं।