पंजाब में आज से शुरू होगी SIR की प्रक्रिया, घर-घर जाएंगे BLO, हर मतदाता को भरना होगा फॉर्म
देश के कई राज्यों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की कड़ी में अब पंजाब भी शामिल हो गया है। दरअसल उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और बंगाल जैसे राज्यों के बाद, पंजाब में गुरुवार, 25 जून से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो
देश के कई राज्यों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की कड़ी में अब पंजाब भी शामिल हो गया है। दरअसल उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और बंगाल जैसे राज्यों के बाद, पंजाब में गुरुवार, 25 जून से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची को पूरी तरह सही और अपडेट बनाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गिनती का काम करेंगे, जिसके लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दरअसल मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनिंदिता मित्रा ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया 25 जून 2026 से शुरू होकर 24 जुलाई 2026 तक पूरे राज्य में चलेगी। इस एक महीने के विशेष अभियान के दौरान कुल 24,453 बीएलओ पंजाब के 2.14 करोड़ मतदाताओं तक सीधे पहुंचेंगे। बीएलओ का मुख्य काम मतदाताओं से संपर्क करना, गणना फॉर्म देना और उन्हें फॉर्म भरने में मदद करना होगा।
बीएलओ हर घर जाएंगे
सीईओ मित्रा ने बताया कि बीएलओ हर घर जाएंगे और मतदाताओं को एसआईआर फॉर्म की दो प्रतियां देंगे। वे मतदाताओं को फॉर्म भरने में पूरी मदद भी करेंगे। फॉर्म भरने के बाद बीएलओ एक प्रति रसीद के रूप में मतदाता को वापस देंगे, जबकि दूसरी प्रति अपने रिकॉर्ड के लिए रखेंगे। इस प्रक्रिया के लिए मतदाताओं को अपनी रंगीन फोटो तैयार रखनी होगी, जिसे फॉर्म के साथ लगाना होगा।
मतदाताओं से की गई ये अपील
मतदाताओं से अपील की गई है कि वे इस प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें। सभी मतदाताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे एसआईआर फॉर्म भरने के बाद उस पर हस्ताक्षर करें और उसे अपने संबंधित बीएलओ को जमा करें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब की ओर से यह निर्देश जारी किया गया है कि सभी मतदाताओं के लिए एसआईआर फॉर्म भरकर जमा करना जरूरी है। इस कदम से मतदाता सूची में किसी भी तरह की गलती को दूर किया जा सकेगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति इसमें शामिल न हो।
अब तक कुल 1.84 करोड़ मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है
दरअसल अभियान की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए सीईओ ने बताया कि एसआईआर शुरू होने से पहले सभी मतदाताओं को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाए जा चुके हैं। अब तक कुल 1.84 करोड़ मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है, जो राज्य के कुल मतदाताओं का 86.02 प्रतिशत है। यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पंजाब में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा, जिससे भविष्य में होने वाले विधानसभा चुनावों में हर नागरिक को अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर मिल सके। मतदाताओं को सलाह दी जाती है कि वे बीएलओ के आने पर जरूरी दस्तावेज और जानकारी तैयार रखें, ताकि पूरी प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके