प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना: लाभार्थियों को बड़ा झटका, सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की संख्या 9 से घटकर 4 हुई

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्र सरकार ने योजना में बदलाव करते हुए सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की सालाना संख्या को घटा दिया है, जिसका सीधा असर देश के करीब 10.5 करोड़ लाभार्थियों पर पड़ेगा। ​दरअसल, केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सालाना सब्सिडी वाले

Jun 9, 2026 - 11:30
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना: लाभार्थियों को बड़ा झटका, सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की संख्या 9 से घटकर 4 हुई

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। केंद्र सरकार ने योजना में बदलाव करते हुए सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलेंडरों की सालाना संख्या को घटा दिया है, जिसका सीधा असर देश के करीब 10.5 करोड़ लाभार्थियों पर पड़ेगा।

​दरअसल, केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सालाना सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या को 9 से घटाकर अब 4 कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला उज्ज्वला परिवारों की वास्तविक औसत घरेलू खपत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, PMUY के इस बदलाव के बाद अब लाभार्थियों को 4 गैस सिलेंडरों पर 300 रुपए प्रति सिलेंडर की सब्सिडी मिलती रहेगी। यह राशि हमेशा की तरह सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में (DBT के जरिए) भेजी जाएगी। जैसे ही कोई लाभार्थी साल में अपना 5वां या उससे अगला सिलेंडर बुक करेगा, उसे सरकार की तरफ से कोई अतिरिक्त सब्सिडी नहीं मिलेगी और बाजार की पूरी कीमत चुकानी होगी। बता दें कि उज्ज्वला योजना वाले एक आम परिवार में औसतन साल भर में लगभग चार रिफिल की खपत होती है, पहले PMUY लाभार्थियों को साल में 9 रिफिल पर DBT मिलता था।

2016 में शुरू हुई थी योजना

​बता दें कि साल 2016 में इस योजना की शुरुआत के समय लाभार्थियों को 14.2 किलोग्राम के सालाना 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर मिलते थे, जिसे बाद में घटाकर 9 किया गया था और अब इसे और कम करके साल में केवल 4 सिलेंडर तक सीमित कर दिया गया है। सरकार ने मई, 2022 में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए प्रति सिलेंडर 200 रुपये की लक्षित सब्सिडी शुरू की थी, जिसे बाद में अक्टूबर, 2023 में बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया था।

7 जून को बढ़ी थी घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें

हाल ही में 7 जून को घरेलू सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 942 रुपये हो गई। इससे पहले 7 मार्च को तेल वितरण कंपनियों ने 60 रुपये की बढ़ोतरी की थी। इस हिसाब से 300 रुपये की सब्सिडी के साथ उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को अपने पहले चार सिलेंडरों के लिए प्रति रिफिल 642 रुपये का भुगतान करना होगा।