शिशुकुंज स्कूल फूड पॉइजनिंग मामले के बाद प्रशासन सख्त, कई स्कूलों के किचन में मिली गड़बड़ियां, पढ़ें खबर
इंदौर के शिशुकुंज स्कूल में 150 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने शहर के स्कूलों में संचालित किचन, मेस और खाद्य व्यवस्थाओं की जांच तेज कर दी है। दरअसल बुधवार को प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान
इंदौर के शिशुकुंज स्कूल में 150 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने शहर के स्कूलों में संचालित किचन, मेस और खाद्य व्यवस्थाओं की जांच तेज कर दी है। दरअसल बुधवार को प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सामग्री, पानी की गुणवत्ता और किचन संचालन से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दरअसल शिशुकुंज स्कूल में बच्चों के बीमार पड़ने की घटना के बाद प्रशासन लगातार स्कूलों में भोजन व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में खंडवा रोड स्थित गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान स्कूल के पास वैध खाद्य लाइसेंस नहीं मिला।
खाद्य सामग्री एक्सपायरी डेट की पाई गई
वहीं किचन में उपयोग की जा रही कुछ खाद्य सामग्री एक्सपायरी डेट की पाई गई। अधिकारियों ने मौके पर ही सामग्री नष्ट करवाई और किचन को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि स्कूल में टैंकर के पानी का उपयोग किया जा रहा था, लेकिन उसकी गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। आरओ सिस्टम की टंकी भी गंदी मिली, जिसे तुरंत साफ करवाया गया।
स्कूल किचन जांच में सामने आई कई अनियमितताएं
दरअसल प्रशासन की टीम ने न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल (एनडीपीएस) का भी निरीक्षण किया। यहां सॉस, खाद्य तेल और अन्य खाद्य सामग्री एक्सपायरी डेट की मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित सामग्री जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा एडवांस एकेडमी और डीपीएस स्कूल में भी जांच की गई। अधिकारियों ने वहां की खाद्य व्यवस्थाओं, स्टोरेज और किचन संचालन की समीक्षा की। इन संस्थानों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
अग्रसेन स्कूल में मेस और स्टोरेज क्षेत्र का निरीक्षण किया गया
दरअसल अग्रसेन स्कूल में मेस और स्टोरेज क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों के पालन की समीक्षा की गई। जांच के दौरान तैयार चावल, राजमा, आटा और बेसन सहित चार खाद्य नमूने एकत्र किए गए। वहीं एडवांस एकेडमी में पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड और खाद्य हैंडलर्स की मेडिकल फिटनेस से जुड़े दस्तावेजों में सुधार की जरूरत पाई गई। यहां से मावा, तुअर दाल, चावल, बेसन, आटा, रोटी, आलू-मटर की सब्जी, खिचड़ी, कढ़ी, स्प्राउट्स और मिर्च पाउडर सहित 11 नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार
वहीं अक्रोपोलिस संस्थान के मेस, किचन और खाद्य भंडारण क्षेत्र का निरीक्षण करने पर स्वच्छता संबंधी कई कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने पाया कि खाद्य पदार्थों के रखरखाव और भंडारण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा था। यहां से धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, दही, पनीर और बेसन सहित छह नमूने एकत्र किए गए। अनियमितताओं को देखते हुए आवश्यक सुधार होने तक संस्थान के किचन संचालन को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।