भोपाल में दिनदहाड़े युवक से मारपीट और अपहरण पर गरमाई राजनीति, उमंग सिंघार बोले “मध्यप्रदेश में हावी है माफियाराज”
राजधानी भोपाल में दिनदहाड़े युवक के साथ मारपीट और कथित अपहरण की घटना को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को भाजपा सरकार की बिगड़ती कानून व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए सरकार और गृह विभाग पर हमला बोला है। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात का
राजधानी भोपाल में दिनदहाड़े युवक के साथ मारपीट और कथित अपहरण की घटना को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को भाजपा सरकार की बिगड़ती कानून व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए सरकार और गृह विभाग पर हमला बोला है।
अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक व्यक्ति को सड़क पर घेरकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाया जाता है। घटना दिनदहाड़े व्यस्त इलाके में हुई, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
उमंग सिंघार ने कहा कि राजधानी भोपाल में खुलेआम गुंडागर्दी हो रही है और अपराधियों में कानून का डर खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब राजधानी ही सुरक्षित नहीं है, तो प्रदेश के अन्य जिलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधी बेखौफ हैं और गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री सिर्फ बयानबाजी में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को “माफियाराज” नहीं बल्कि कानून का राज चाहिए।
क्या है मामला
एक दिन पहले भोपाल में प्रभात पेट्रोल पंप के पास कुछ युवकों ने सड़क पर एक युवक को रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले आरोपियों ने युवक को कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़ित और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश थी और उसी विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया।