सतना-सिवनी समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें मंगलवार को इंदौर-भोपाल में कैसा रहेगा मौसम, MP में अबतक 336.7 मिमी पानी गिरा

मानसून की सक्रियता के चलते 31 जुलाई तक मध्य प्रदेश में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मंगलवार को प्रदेश के 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे अधिक

Jul 28, 2026 - 11:30
सतना-सिवनी समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें मंगलवार को इंदौर-भोपाल में कैसा रहेगा मौसम, MP में अबतक 336.7 मिमी पानी गिरा

मानसून की सक्रियता के चलते 31 जुलाई तक मध्य प्रदेश में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मंगलवार को प्रदेश के 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे अधिक बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बने गहरा कम दबाव के क्षेत्र के आगे बढ़ने से 28 से 31 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियों में तेजी देखने को मिलेगी। इस दौरान नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, रायसेन, देवास, सीहोर, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, जबलपुर, छतरपुर ,बुरहानपुर, इंदौर, उज्जैन, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, राजगढ़, गुना, धार, रतलाम, मंदसौर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

मंगलवार को इन जिलों में चेतावनी

  • बैतूल, रायसेन, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, उमरिया, कटनी और सतना जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश और 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। यहां अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे अधिक बारिश हो सकती है।
  • भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सागर, पन्ना, दमोह, टीकमगढ़, खरगोन, खंडवा, धार, झाबुआ, बड़वानी, देवास, मंदसौर, रतलाम सहित कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश में अब भी सामान्य से 18% कम बारिश

  • 1 जून से 26 जुलाई 2026 के बीच मध्य प्रदेश में अब तक औसत से करीब 18 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
  • इस अवधि में औसतन 13.2 इंच (336.7मिमी) बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य बारिश 16 इंच (407 मिमी) मानी जाती है।
  • पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 20% से कम और पश्चिमी मध्य प्रदेश में औसत से 15% से कम पानी गिरा है।
  • अबतक जबलपुर-ग्वालियर समेत कुल 40 जिलों में कोटे से कम पानी गिरा है। भोपाल, भिंड, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, मंदसौर, राजगढ़ और सीहोर ऐसे जिले हैं, जहां सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
  • देवास में सबसे ज्यादा करीब 20 इंच और आलीराजपुर में सबसे कम 4 इंच ही बरसात हुई है। यदि जुलाई अंत तक अच्छी बारिश का दौर जारी रहा तो कोटा पूरा होने की प्रबल संभावना है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।