भोपाल के निशातपुरा में मवेशी का कटा सिर मिलने से तनाव, VHP – बजरंग दल ने पुलिस चौकी का किया घेराव, पुलिस ने दर्ज की FIR
राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भोपाल मेमोरियल अस्पताल के पास 80 फीट रोड स्थित एक चिकन शॉप के समीप मवेशी का कटा सिर मिलने की सूचना सामने आई। दरअसल खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कुछ ही
राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब भोपाल मेमोरियल अस्पताल के पास 80 फीट रोड स्थित एक चिकन शॉप के समीप मवेशी का कटा सिर मिलने की सूचना सामने आई। दरअसल खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। कुछ ही देर में विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तत्काल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
दरअसल घटना से नाराज विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मंडी करोंद पुलिस चौकी का घेराव करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी भी हुई और गौवंश से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गौवध अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, हालांकि संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
CCTV फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी
वहीं निशातपुरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मवेशी के अवशेष अपने कब्जे में लिए और उन्हें जांच के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवशेष वहां किसने फेंके और घटना के पीछे क्या उद्देश्य था। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
हिंदू संगठनों ने दोहराई सख्त कार्रवाई की मांग
दरअसल विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने दावा किया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर निशातपुरा क्षेत्र में गौवंश से जुड़ा यह दूसरा मामला सामने आया है। उनका कहना है कि यदि दोषियों पर समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं और क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो सकता है। संगठनों ने प्रशासन से जल्द गिरफ्तारी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
हाल ही में भी सामने आया था गौवंश वध का मामला
गौरतलब है कि 17 जुलाई को निशातपुरा के कमल नगर क्षेत्र में डेयरी की आड़ में कथित गौवंश वध और गौमांस तस्करी का मामला सामने आया था। पुलिस ने छापेमारी कर संदिग्ध मांस जब्त किया था और अगले दिन मुख्य आरोपी, उसके बेटे तथा दामाद समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में प्रशासन ने अवैध डेयरी पर बुलडोजर कार्रवाई भी की थी। ताजा मामले में पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।