प्रेमिका के शौक पूरे करने और महंगे गिफ्ट देने के लिए मालिक की दुकान में की चोरी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
इंदौर की संयोगितागंज पुलिस ने एक ऐसे शातिर आशिक चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने ही मालिक की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। संयोगितागंज थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर नकबजनी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर
इंदौर की संयोगितागंज पुलिस ने एक ऐसे शातिर आशिक चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने ही मालिक की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। संयोगितागंज थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर नकबजनी का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई पूरी नगदी बरामद कर ली है।
एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि 24 मई को फरियादी अमन अग्रवाल ने संयोगितागंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि मुराई मोहल्ला स्थित उनकी दुकान से देर रात करीब एक लाख 71 हजार रुपये नगद चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के करीब सौ सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शक की सुई दुकान के ही कर्मचारी किर्तन सिरसाटे पर जा पहुंची।
पुलिस ने चोरी की गई पूरी रकम बरामद की
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले भी उसी दुकान पर काम कर चुका था और उसे इस बात की पूरी जानकारी थी कि मालिक दुकान में नगदी कहां रखते हैं। वो एक बार फिर वहीं काम कर रहा था।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश रही नाकाम
पुलिस ने चोरी की वजह पूछी तो उसने बताया कि अपनी प्रेमिका के महंगे शौक और उपहारों के लिए पैसों की जरूरत होने पर उसने चोरी की योजना बनाई और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी करने के बाद आरोपी अगले ही दिन सामान्य तरीके से दुकान पर काम करने पहुंच गया और पुलिस की शुरुआती पूछताछ में भी खुद को बेगुनाह बताकर गुमराह करने की कोशिश करता रहा। लेकिन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अलग-अलग पूछताछ के जरिए आखिरकार पूरे मामले का खुलासा कर दिया।