इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, गुम और चोरी हुए 238 मोबाइल तलाशकर मालिकों को लौटाए
इंदौर क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सिटीजन कॉप एप्लीकेशन और संचार साथी पोर्टल (CEIR) पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 75 लाख रुपये कीमत के 238 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद
इंदौर क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। सिटीजन कॉप एप्लीकेशन और संचार साथी पोर्टल (CEIR) पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 75 लाख रुपये कीमत के 238 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम या चोरी होने से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है।
साइबर सेल की कार्रवाई से 238 गुम मोबाइल फोन बरामद
दरअसल, इंदौर क्राइम ब्रांच की साइबर सेल लगातार सिटीजन कॉप एप्लीकेशन और CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निराकरण कर रही है। इसी क्रम में इंदौर सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों और कई राज्यों से 238 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद किए गए सभी 238 मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंप दिए गए।
लंबे समय से अपने गुम हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोग फोन पाकर काफी खुश नजर आए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद मोबाइल में iPhone, OnePlus, Samsung, Redmi, Vivo, OPPO और Realme समेत कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार त्रिपाठी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम हो जाता है तो वह Citizen Cop एप्लीकेशन के जरिए शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके लिए पुलिस कार्यालय या थाने में आए बिना भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।
जोन-2 पुलिस ने भी 63 से अधिक गुम मोबाइल किए बरामद
इसी क्रम में इंदौर जोन-2 पुलिस ने थाना परदेशीपुरा, एमआईजी, विजय नगर, लसूड़िया, खजराना, कनाड़िया और तिलक नगर क्षेत्रों से गुम हुए 63 से अधिक मोबाइल फोन तकनीकी माध्यमों और लगातार किए गए पुलिस प्रयासों के जरिए बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक मालिकों की पहचान कर विधिवत सुपुर्द कर दिया गया।