सीएम डॉ. मोहन यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर किया सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन, 15 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास की नई आधारशिला बनेगी और इससे गरीब, अन्नदाता, युवा

Jul 6, 2026 - 16:30
सीएम डॉ. मोहन यादव ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर किया सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन, 15 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल के सतगढ़ी क्षेत्र में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन किया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के औद्योगिक विकास की नई आधारशिला बनेगी और इससे गरीब, अन्नदाता, युवा तथा महिलाओं के कल्याण को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है और मध्यप्रदेश भी विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क प्रदेश में रोजगार आधारित औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मिलेगा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और गारमेंट उद्योग के माध्यम से कपास उत्पादक किसानों को भी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेत, कारखाने और बाजार को जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

युवाओं को मिलेगा रोज़गार

डॉ. मोहन यादव ने बताया कि इस औद्योगिक पार्क में 15 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2015 में प्राप्त 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है, जो प्रदेश के लिए एक नया रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि जनवरी से अब तक 86 हजार करोड़ रुपये के नए एमओयू भी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में औद्योगिक विस्तार की अन्य परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि शिवपुरी में हाल ही में करीब ढाई हजार करोड़ रुपये की रक्षा उत्पादन इकाई का भूमि-पूजन किया गया है, जबकि गुना में दो हजार करोड़ रुपये की लागत से सीमेंट प्लांट विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुरैना को भी सोलर सेक्टर में बड़ी सौगात दी गई है। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली पात्र महिलाओं को अतिरिक्त 5 हजार रुपये की सहायता भी दी जाएगी।

यूसीसी को लेकर कही ये बात

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का भी उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में इसे लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लिए कानून समान होना चाहिए और इस संबंध में गठित समिति विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के सुझाव लेकर आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

उन्होंने बताया कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का स्थान रणनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यह राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 25 किलोमीटर, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से करीब 15 किलोमीटर तथा प्रस्तावित वेस्टर्न बायपास से जुड़ा होगा। इसके साथ ही 25 एकड़ क्षेत्र में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी विकसित किया जाएगा, जो प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर होगा।

कृष्णा गौर ने कहा “धरातल पर उतर रहे हैं विकासकार्य”

इस अवसर पर राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश कृषि के साथ-साथ औद्योगिक विकास में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के निवेश प्रस्ताव अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं और सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क राजधानी की नई पहचान बनेगा। वहीं, विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर बनने वाला यह पार्क भोपाल को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से विशेष रूप से गारमेंट सेक्टर में पांच हजार से अधिक महिलाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।