मीनाक्षी नटराजन नामांकन विवाद: राष्ट्रपति ने MP कांग्रेस को नहीं दिया मिलने का समय, उमंग सिंघार बोले- “बीजेपी के एजेंट के रूप में कर रहीं हैं काम”

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विवाद के बीच मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राष्ट्रपति से मिलने का समय नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राष्ट्रपति भवन की ओर से मुलाकात के लिए समय

Jun 12, 2026 - 16:30
मीनाक्षी नटराजन नामांकन विवाद: राष्ट्रपति ने MP कांग्रेस को नहीं दिया मिलने का समय, उमंग सिंघार बोले- “बीजेपी के एजेंट के रूप में कर रहीं हैं काम”

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के विवाद के बीच मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राष्ट्रपति से मिलने का समय नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राष्ट्रपति भवन की ओर से मुलाकात के लिए समय न होने का ईमेल भेजा गया है, उससे यह स्पष्ट होता है कि राष्ट्रपति भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रही हैं।

दिल्ली में एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि क्या राष्ट्रपति लोकतंत्र को नहीं बचाना चाहती हैं। क्या वे देश की भावनाओं के साथ खड़ा नहीं होना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की लड़ाई के लिए हर व्यक्ति को आगे आना पड़ेगा और अपनी आवाज़ उठानी पड़ेगी।

उमंग सिंघार ने राष्ट्रपति पर लगाए आरोप

उमंग सिंघार ने राष्ट्रपति भवन द्वारा मुलाकात के लिए समय न दिए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र से जुड़े गंभीर मुद्दे पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा “राष्ट्रपति महोदया देश की राष्ट्रपति हैं…किसी पार्टी की नहीं। जिस तरह उन्होंने नहीं मिलने का मेल भिजवाया, उससे स्पष्ट है कि वो बीजेपी के एजेंट के रूप में काम कर रहीं हैं”। उन्होंने सवाल उठाया कि जब लोकतंत्र की आवाज राष्ट्रपति भवन के दरवाजे पर दस्तक दे रही है तब वहां सन्नाटा क्यों है। बता दें कि एक दिन पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मिलने के लिए समय मांगा था, लेकिन उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला।

कांग्रेस का विरोध जारी

मध्यप्रदेश की राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र निरस्त किए जाने के बाद यह विवाद शुरू हुआ। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए निर्वाचन आयोग के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई थी और बाद में मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का भी रुख किया था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस की याचिका खारिज कर दी है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मीनाक्षी नटराजन ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी और चुनाव आयोग पर आरोप लगाए। वहीं इन नेताओं के साथ एमपी के कई विधायकों ने आज दिल्ली में धरना प्रदर्शन भी किया।