सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला: अनुशासनहीनता या आदेश न मानने मात्र से बर्खास्तगी गलत, गंभीर कदाचार में ही नौकरी से हटाना उचित
सुप्रीम कोर्ट ने कर्मचारियों के अधिकारों और सेवा नियमों से जुड़े एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि सिर्फ अनुशासनहीनता, आदेशों की अवहेलना या वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन न करने के आधार पर किसी कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त नहीं किया जा सकता। अदालत ने कहा कि बर्खास्तगी जैसी चरम सजा सिर्फ
सुप्रीम कोर्ट ने कर्मचारियों के अधिकारों और सेवा नियमों से जुड़े एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि सिर्फ अनुशासनहीनता, आदेशों की अवहेलना या वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन न करने के आधार पर किसी कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त नहीं किया जा सकता। अदालत ने कहा कि बर्खास्तगी जैसी चरम सजा सिर्फ उन गंभीर मामलों के लिए सुरक्षित रखी जानी चाहिए जहां भ्रष्टाचार, नैतिक पतन, वित्तीय गड़बड़ी, फंड का दुरुपयोग या नियोक्ता को भारी नुकसान साबित हो।
जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन. कोटिस्वर सिंह की पीठ ने कहा कि कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है, लेकिन हर अनुशासनहीनता के मामले में कर्मचारी को सेवा से हटाना न्यायसंगत नहीं माना जा सकता। अदालत ने दोहराया कि किसी भी दंड का निर्धारण कर्मचारी के कृत्य की गंभीरता, उसके पूर्व सेवा रिकॉर्ड, परिस्थितियों और संस्थान पर पड़े वास्तविक प्रभाव को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र बिजली कंपनी के मामले में सुनाया फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) की एक कर्मचारी से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान की गई। कर्मचारी को कथित अनुशासनहीनता, आदेशों की अवहेलना और सरकारी दस्तावेजों को नष्ट करने के आरोपों के आधार पर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि मामले में आरोप गंभीर अवश्य हैं, लेकिन यह देखना आवश्यक है कि क्या वे इतने गंभीर थे कि सीधे बर्खास्तगी जैसी अंतिम सजा दी जाए। पीठ ने कर्मचारी की लगभग 21 वर्षों की सेवा को भी महत्वपूर्ण माना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले में दी जाने वाली सजा पर पुनर्विचार किया जाए और अनुपातिक दंड के सिद्धांत को ध्यान में रखा जाए।
अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सावधानी रखें
अदालत ने कहा कि नौकरी से बर्खास्तगी सिर्फ कर्मचारी की सेवा समाप्त नहीं करती बल्कि उसे पेंशन, सेवानिवृत्ति लाभ और अन्य वैधानिक सुविधाओं से भी वंचित कर सकती है। इसका प्रभाव कर्मचारी के परिवार की आर्थिक सुरक्षा और भविष्य पर भी पड़ता है। इसलिए अनुशासनात्मक कार्रवाई करते समय अधिकारियों को अत्यधिक सावधानी बरतनी चाहिए।
जस्टिस एन. कोटिस्वर सिंह ने कहा कि बर्खास्तगी का दाग कर्मचारी के सेवा रिकॉर्ड पर स्थायी रूप से दर्ज हो जाता है, जिससे भविष्य में रोजगार के अवसर भी प्रभावित हो सकते हैं, विशेषकर सरकारी सेवाओं, सार्वजनिक उपक्रमों और अन्य विनियमित संस्थानों में। अदालत ने अपने फैसले में सेवा कानून के उस स्थापित सिद्धांत को दोहराया कि दंड अपराध के अनुपात में होना चाहिए। यदि किसी कर्मचारी का आचरण गंभीर भ्रष्टाचार, अवैध लाभ प्राप्त करने, वित्तीय गड़बड़ी या संस्थान को प्रत्यक्ष नुकसान पहुंचाने जैसा नहीं है तो उसके लिए कम कठोर दंड पर विचार किया जाना चाहिए।