पाकिस्तान के बलूचिस्तान में हिंदू व्यापारी की हत्या, दुकान में घुसकर हमलावरों ने मारी गोली; इलाके में तनाव
बलूचिस्तान प्रांत में एक हिंदू व्यापारी की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने दुकान में घुसकर व्यापारी को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
Pakistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक हिंदू व्यापारी की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने दुकान में घुसकर व्यापारी को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, यह वारदात शुक्रवार को नुश्की शहर के कादिरबाद इलाके में हुई। मृतक व्यापारी की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है।
दुकान में घुसकर की फायरिंग, मौके पर हुई मौत
जानकारी के अनुसार, कुछ हथियारबंद लोग नुश्की बाजार स्थित राकेश कुमार की दुकान में पहुंचे। आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने उन पर गोली चला दी।
गोली लगने से राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
हिंदू समुदाय के नेता ने की हत्या की निंदा
खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा के सदस्य गुरपाल सिंह ने राकेश कुमार की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वाली कायरतापूर्ण घटना बताया।
उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय सदियों से बलूचिस्तान का हिस्सा रहा है और उसने पाकिस्तान एवं बलूचिस्तान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। उन्होंने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों से हत्यारों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
बलूचिस्तान में बढ़ी है हिंसक घटनाएं
राकेश कुमार की हत्या ऐसे समय में हुई है, जब बलूचिस्तान में हाल के महीनों में सशस्त्र हिंसा की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है।
बलोच विद्रोही समूहों ने पाकिस्तान के सुरक्षा बलों, सेना के काफिलों, पुलिस चौकियों और अन्य ठिकानों को निशाना बनाकर कई हमले किए हैं।