क्या नितिन गडकरी की सुरक्षा में हुई बड़ी चूक? एक्सप्रेस-वे पर काफिले के सामने पहुंचे 3 युवक, 120 की रफ्तार में थीं गाड़ियां
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के काफिले के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई। दरअसल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार से गुजर रहे काफिले के सामने अचानक तीन युवक दिखाई दिए। बताया गया कि काफिले में शामिल वाहन दूसरी लेन से निकल गए और
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में गुरुवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के काफिले के दौरान एक बड़ी घटना सामने आई। दरअसल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार से गुजर रहे काफिले के सामने अचानक तीन युवक दिखाई दिए। बताया गया कि काफिले में शामिल वाहन दूसरी लेन से निकल गए और किसी तरह की दुर्घटना नहीं हुई। इसके बावजूद इस घटना ने हाईवे सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संबंधित युवक पास के गांव के रहने वाले हैं और उनका कहना है कि वे बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए सड़क पार कराने की कोशिश कर रहे थे। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि कुछ ही देर में केंद्रीय मंत्री का काफिला वहां से गुजरने वाला है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे देश के सबसे आधुनिक और हाई स्पीड एक्सप्रेस-वे में गिना जाता है। इस सड़क पर वाहनों की रफ्तार सामान्य तौर पर काफी अधिक रहती है। ऐसे में किसी व्यक्ति का अचानक मुख्य लेन में आ जाना न सिर्फ उसकी अपनी सुरक्षा के लिए खतरा होता है, बल्कि अन्य वाहनों के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा कर सकता है।
निमकोपाड़ा पलसोड़ी गांव के रहने वाले हैं तीनो युवक
वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि तीनों युवक रतलाम जिले के निमकोपाड़ा पलसोड़ी गांव के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि गांव के बच्चों का स्कूल एक्सप्रेस-वे के दूसरी तरफ स्थित है और वे उन्हें छोड़ने के लिए सड़क पार करा रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वहां सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। घटना के समय काफिले की गति भी काफी अधिक बताई गई है, जिससे संभावित हादसे का खतरा और बढ़ सकता था।
एक्सप्रेस-वे के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर रहे नितिन गडकरी
दरअसल नितिन गडकरी हाल ही में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर रहे थे। राजस्थान में निरीक्षण के बाद उनका काफिला गुजरात की ओर जा रहा था और इसी दौरान वह रतलाम जिले से होकर गुजरा। सड़क परिवहन मंत्रालय लगातार देशभर में बेहतर सड़क नेटवर्क और सुरक्षित हाईवे सिस्टम पर काम कर रहा है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं भविष्य में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा का कारण बन सकती हैं।