MP College : ePravesh से अबतक 4.89 लाख छात्रों को एडमिशन, 7.18 लाख ने कराया है पंजीयन, 31 जुलाई तक प्रवेश का मौका
मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग की डिजिटल ई-प्रवेश प्रणाली से 24 जुलाई 2026 तक राज्य के सरकारी और निजी महाविद्यालयों में कुल 4,89,169 विद्यार्थियों ने एडमिशन प्राप्त किया है। यह पिछले चार वर्षों में समान अवधि का सर्वाधिक रिकॉर्ड आंकड़ा है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए में अब तक 7,18,386 विद्यार्थियों ने ई-प्रवेश पोर्टल पर
मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग की डिजिटल ई-प्रवेश प्रणाली से 24 जुलाई 2026 तक राज्य के सरकारी और निजी महाविद्यालयों में कुल 4,89,169 विद्यार्थियों ने एडमिशन प्राप्त किया है। यह पिछले चार वर्षों में समान अवधि का सर्वाधिक रिकॉर्ड आंकड़ा है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए में अब तक 7,18,386 विद्यार्थियों ने ई-प्रवेश पोर्टल पर पंजीयन कराया है। इनमें से 6,31,854 विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूर्ण हो चुका है तथा 4,89,169 विद्यार्थियों ने एडमिशन प्राप्त कर लिया है। इसमें 3,38,148 स्नातक (UG), 1,04,455 स्नातकोत्तर (PG) तथा 46,566 एनसीटीई पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए प्रवेशित हुए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2023-24 में समान अवधि तक 3,21,154, वर्ष 2024-25 में 3,25,095, वर्ष 2025-26 में 4,15,655 तथा वर्ष 2026-27 में 4,89,169 विद्यार्थियों ने एडमिशन प्राप्त किया। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 73,514 तथा वर्ष 2023-24 की तुलना में 1,68,015 अधिक विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा से जुड़कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
बता दें कि ई-प्रवेश पोर्टल एवं मोबाइल एप उच्च शिक्षा विभाग द्वारा विकसित किया गया है। इसमें छात्रों को घर बैठे पंजीयन, दस्तावेज अपलोड, ऑनलाइन सत्यापन, महाविद्यालय एवं पाठ्यक्रम का चयन, शुल्क भुगतान तथा प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने का मौका दिया गया। इतना ही नही विभाग ने प्रदेशभर के महाविद्यालयों में हेल्प सेंटर, विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु 24×7 कॉल सेंटर, जिला एवं संभाग स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग तथा प्रभावी तकनीकी सहायता की व्यवस्था की है। विशेष रूप से कॉलेज लेवल काउंसिलिंग (CLC) चरण को पूरी तरह विद्यार्थी-केंद्रित बनाया गया है। विद्यार्थियों को उसी दिन पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके कारण अंतिम चरण में भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपनी पसंद के महाविद्यालयों में तत्काल एडमिशन प्राप्त कर रहे हैं।
31 जुलाई तक प्रवेश का अवसर
- सीएलसी चरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि अंतिम चरण में भी हेल्प सेंटर पूरी सक्रियता से संचालित रहें तथा प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।
- एनसीटीई पाठ्यक्रमों में प्रवेश से वंचित विद्यार्थी 27 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। दस्तावेजों का सत्यापन 28 जुलाई तक होगा। 30 जुलाई को मेरिट सूची जारी होगी और 31 जुलाई को सीट आवंटित की जाएगी। 31 जुलाई से 3 अगस्त तक शुल्क जमा कर प्रवेश सुनिश्चित किया जा सकेगा।