“गुनाहगारों को फांसी दी जाए..” राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बोले अरविंद केजरीवाल, हस्ताक्षर अभियान का किया ऐलान
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर देश में सियासी घमासान जारी है। विपक्ष लगातार मामले को लेकर भाजपा सरकार और श्रीराम मंदिर जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट को घेर रहा है। इस बीच, शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर देश में सियासी घमासान जारी है। विपक्ष लगातार मामले को लेकर भाजपा सरकार और श्रीराम मंदिर जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट को घेर रहा है। इस बीच, शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कहा कि पूरे मामले में सिर्फ 8 छोटे लोगों को पकड़कर जेल भेज दिया गया है, जबकि असली और बड़े चेहरों को बचाने की कोशिश की जा रही है। इतना ही नहीं केजरीवाल ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मुद्दे पर लड़ाई जारी रखते हुए एक अभियान शुरू करने का भी ऐलान कर दिया है।
AAP का देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान, सुंदरकांड का पाठ
AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद को लेकर कहा कि अब इस मुद्दे पर जनता को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी और भगवान के दरबार में जाकर न्याय की प्रार्थना करनी होगी। उन्होंने घोषणा की कि इस रविवार, 12 जुलाई सुबह 11:30 बजे दिल्ली के रोहिणी में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। केजरीवाल ने सभी श्रद्धालुओं और राम भक्तों से बड़ी संख्या में इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सुंदरकांड पाठ के बाद भगवान का आशीर्वाद लेकर देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। जहां-जहां आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद हैं, वहां इस अभियान को चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों का समर्थन जुटाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए जुटाए गए हस्ताक्षरों के साथ एक पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा जाएगा, जिसमें मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच की मांग की जाएगी।
केजरीवाल ने गुनाहगारों को फांसी देने की मांग की
इस बीच, अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर एक बड़ी मांग भी की है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह की घटनाओं से मालूम पड़ता है कि केंद्र सरकार राम मंदिर में डकैती करने वाले गुनाहगारों को बचाने में लगी हुई है। अब देश के हर सनातन हिंदू का फर्ज है कि वह इन बड़े सनातन के गुनाहगारों को सजा दिलाने के लिए आगे आए। इसे छिपाना बहुत बड़ा पाप है। इन गुनाहगारों को सबके सामने फांसी दे देनी चाहिए।
पिछले कुछ हफ्तों का घटनाक्रम दर्शाता है कि राम मंदिर में डकैती करने वाले महापापियों को मोदी सरकार बचाने में लगी है। सनातन के इन गुनहगारों को फांसी मिलनी चाहिए थी।
अब हर सनातनी हिंदू का धर्म है कि इन महापापियों को सज़ा दिलवाने के लिए अपने आप को समर्पित करे। जो लोग इन पापियों को… pic.twitter.com/hCA1UJHlAn
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 10, 2026