दिग्विजय सिंह की पदयात्रा पर कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान, बोले – ’80 साल की उम्र में पैदल चलना प्रेरणादायक’

मध्य प्रदेश की राजनीति में दिलचस्प माहौल देखने को मिला है। दरअसल भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के दिग्विजय सिंह की पदयात्रा की खुलकर सराहना की है। इंदौर में मीडिया से बातचीत के दौरान विजयवर्गीय ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति का धार्मिक उद्देश्य से पैदल यात्रा करना सम्मान

Jul 10, 2026 - 21:30
दिग्विजय सिंह की पदयात्रा पर कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान, बोले – ’80 साल की उम्र में पैदल चलना प्रेरणादायक’

मध्य प्रदेश की राजनीति में दिलचस्प माहौल देखने को मिला है। दरअसल भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के दिग्विजय सिंह की पदयात्रा की खुलकर सराहना की है। इंदौर में मीडिया से बातचीत के दौरान विजयवर्गीय ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति का धार्मिक उद्देश्य से पैदल यात्रा करना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा है कि उम्र चाहे कितनी भी हो, अगर कोई लगातार सक्रिय रहकर लोगों के बीच पहुंच रहा है तो उसकी सराहना होनी चाहिए।

दरअसल उन्होंने कहा है कि दिग्विजय सिंह आज भी सक्रिय राजनीति में हैं और लगातार जनता के बीच बने हुए हैं। उनके मुताबिक राजनीति केवल मंचों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनकी बात सुनना भी उतना ही जरूरी है।

दिग्विजय सिंह पदयात्रा पर कैलाश विजयवर्गीय ने क्या कहा?

इसके साथ ही कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि 80 वर्ष की उम्र में दिग्विजय सिंह का पैदल चलकर धार्मिक यात्रा करना अपने आप में प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवा नेताओं को भी इससे सीख लेनी चाहिए। कैलाश विजयवर्गीय ने बिना किसी का नाम लिए तंज कसते हुए कहा कि आज कई नेता सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने और अलग-अलग साधनों से यात्रा करने में ज्यादा व्यस्त रहते हैं जबकि जमीन पर जाकर लोगों से जुड़ना राजनीति की असली पहचान है।

दिग्विजय सिंह को एक अनुभवी नेता बताया

दरअसल उन्होंने दिग्विजय सिंह को एक अनुभवी और बुद्धिमान नेता बताते हुए कहा कि लंबे राजनीतिक अनुभव का फायदा नई पीढ़ी को मिलना चाहिए। इसके साथ ही आरएसएस को पदयात्रा में आमंत्रित करने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय में फैसला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खुद करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह संघ का आंतरिक विषय है और उस पर वही निर्णय लेगा।

जीतू पटवारी के भाई से जुड़े विवाद से बचने की कोशिश की

वहीं मीडिया ने जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई से जुड़े हालिया विवाद पर सवाल किया तो कैलाश विजयवर्गीय ने सीधे टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता पर्यावरण संरक्षण है और वे पूरे प्रदेश में “पेड़ लगाओ, पानी बचाओ” अभियान को आगे बढ़ाने में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस को भी इस अभियान में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा ताकि सभी दल मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें।