छिंदवाड़ा SNCU हादसा: CM ने जताया दुख, मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख की आर्थिक सहायता, उपचाररत दोनों बच्चों का खर्च उठाएगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू में वॉर्मर में स्पार्क के कारण आग लगने से झुलसे तीन नवजात बच्चों में से एक की जबलपुर में उपचार के दौरान हुई दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के एसएनसीयू में वॉर्मर में स्पार्क के कारण आग लगने से झुलसे तीन नवजात बच्चों में से एक की जबलपुर में उपचार के दौरान हुई दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिवंगत बच्ची के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचाररत दोनों बच्चों के संपूर्ण इलाज का खर्च शासन द्वारा वहन किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन छिंदवाड़ा के अधिकारी जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन के साथ लगातार संपर्क में हैं। दोनों बच्चों के उपचार की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बता दें कि शनिवार, 21 अगस्त को छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई यानी (NICU या SNCU) में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई थी। हादसे में वॉर्मर पर रखे 3 बच्चे बुरी तरह से झुलस गए। इनमें से एक बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य दो बच्चियों का जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। हादसे के समय तीनों बच्चों की उम्र करीब 6 से 12 दिन के बीच बताई जा रही थी।