अब स्विगी इंस्टामार्ट पर ऑनलाइन मिलेगा LPG सिलेंडर, मिनटों में होगी होम डिलीवरी, जानिए डिटेल्स
अब रसोई गैस खत्म होने पर की दिनों तक डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिस तरह लोग कुछ ही मिनटों में किराना, दूध या अन्य जरूरी सामान मंगाते हैं उसी तरह अब LPG सिलेंडर भी मोबाइल ऐप के जरिए ऑन-डिमांड घर मंगाया जा सकेगा। इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्विगी इंस्टामार्ट ने
अब रसोई गैस खत्म होने पर की दिनों तक डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिस तरह लोग कुछ ही मिनटों में किराना, दूध या अन्य जरूरी सामान मंगाते हैं उसी तरह अब LPG सिलेंडर भी मोबाइल ऐप के जरिए ऑन-डिमांड घर मंगाया जा सकेगा।
इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्विगी इंस्टामार्ट ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी की है। इसके तहत देश में पहली बार क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए ऑन-डिमांड एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू की जा रही है।
स्विगी इंस्टामार्ट करेगा गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी
डिजिटल डिलीवरी सेवाओं के बढ़ते दायरे के बीच अब रसोई गैस की होम डिलीवरी भी क्विक-कॉमर्स मॉडल का हिस्सा बनने जा रही है। स्विगी इंस्टामार्ट ने HPCL के साथ मिलकर देश में पहली बार ऑन-डिमांड एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। इस पहल के साथ उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए पारंपरिक डिलीवरी प्रक्रिया पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे ऐप के जरिए जरूरत पड़ने पर तुरंत ऑर्डर कर सकेंगे।
स्विगी इंस्टामार्ट की इस सुविधा की शुरुआत फिलहाल बेंगलुरु से होगी जिसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य शहरों में भी विस्तारित करने की योजना है। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए पारंपरिक बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यदि घर का सिलेंडर अचानक खत्म हो जाए तो ग्राहक स्विगी इंस्टामार्ट ऐप पर जाकर उसी तरह LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे, जैसे वे किराना या अन्य घरेलू सामान मंगाते हैं। कंपनी का कहना है कि डिलीवरी क्विक-कॉमर्स मॉडल के जरिए कुछ ही मिनटों में की जाएगी।
नया सिलेंडर बाज़ार में उतारा
इस साझेदारी के साथ HPCL ने अपना नया 10 किलोग्राम का कंपोजिट LPG सिलेंडर ‘एचपी नव्या’ भी बाजार में उतारा है। यह सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडरों की तुलना में हल्का है, जंग नहीं पकड़ता और इसका पारदर्शी डिजाइन गैस का स्तर देखने में भी मदद करता है। इसे छोटे परिवारों, किराए के मकानों में रहने वाले लोगों और शहरी उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
बिना कनेक्शन के भी मिले सिलेंडर
ग्राहकों के लिए ऐप पर दो विकल्प उपलब्ध होंगे। वे नया 10 किलो का ‘एचपी नव्या’ सिलेंडर मंगा सकेंगे, वहीं 5 किलो का छोटू एलपीजी सिलेंडर भी ऑर्डर किया जा सकेगा। इस सेवा का लाभ लेने के लिए पारंपरिक घरेलू एलपीजी कनेक्शन का होना भी अनिवार्य नहीं होगा। इस कारण पहली बार सिलेंडर लेने वाले या अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों को भी इसकी सुविधा मिल सकेगी।