भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में आज फिर जुटेंगे व्यापारी, मिंटो हॉल में गांधीवादी तरीके से होगा प्रदर्शन

भोपाल में आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर चल रही नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में आज बुधवार को व्यापारी फिर प्रदर्शन करेंगे। इस बार विरोध गांधीवादी तरीके से किया जाएगा। सुबह 11 बजे के बाद व्यापारी कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) परिसर में जुटेंगे और महात्मा गांधी की प्रतिमा के

Aug 26, 2026 - 10:30
भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में आज फिर जुटेंगे व्यापारी, मिंटो हॉल में गांधीवादी तरीके से होगा प्रदर्शन

भोपाल में आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर चल रही नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में आज बुधवार को व्यापारी फिर प्रदर्शन करेंगे। इस बार विरोध गांधीवादी तरीके से किया जाएगा। सुबह 11 बजे के बाद व्यापारी कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) परिसर में जुटेंगे और महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रार्थना सभा करेंगे।

दरअसल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविंद गोयल के नेतृत्व में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। आयोजन के दौरान सभी व्यापारी सामूहिक रूप से रामधुन का गायन करेंगे और महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रार्थना करेंगे। व्यापारिक संगठनों का कहना है कि यह कार्यक्रम सीलिंग और नोटिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया जा रहा है।

सीलिंग कार्रवाई के विरोध में लगातार प्रदर्शन

जानकारी दे दें कि नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। पिछले सप्ताह रोशनपुरा चौराहे पर व्यापारियों ने चक्काजाम किया था। इसके बाद बाग सेवनिया, अवधपुरी, 10 नंबर और आनंद नगर में भी प्रदर्शन हुए। इन आयोजनों में दुकानदारों और व्यापारिक संगठनों ने नोटिस और सीलिंग कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया। वहीं दूसरी ओर, रहवासी संघ भी इस मुद्दे पर सक्रिय है। शनिवार को गुलमोहर कॉलोनी में टॉर्च लाइट रैली निकाली गई थी। इससे पहले सात नंबर मार्केट में भी रैली आयोजित की गई थी। रहवासी संघ का कहना है कि आवासीय इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियां नहीं होनी चाहिए। इस मुद्दे पर व्यापारी और रहवासी दोनों अपने-अपने पक्ष के साथ अलग-अलग कार्यक्रम कर रहे हैं।

भोपाल में नोटिस कार्रवाई जारी

दरअसल नगर निगम ने शहर में मुख्य मार्गों के दोनों ओर और उनसे जुड़ी गलियों में सर्वे शुरू कर रखा है। सर्वे के दौरान भवनों से जुड़े अन्य उल्लंघनों की भी जांच की जा रही है। निगम की प्राथमिकता में नदी और तालाब किनारे बने भवन, ग्रीन बेल्ट, बफर जोन और कैचमेंट एरिया में स्थित निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा अवैध मैरिज गार्डन को भी नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है। सीलिंग और नोटिस कार्रवाई के बाद शहर के कई इलाकों में दुकान चलाने वाले कारोबारियों को नोटिस मिले हैं। अवधपुरी, अयोध्या बायपास, गौतम नगर, अशोका गार्डन और लालघाटी जैसे इलाकों के व्यापारी इस कार्रवाई से प्रभावित हुए हैं। कई दुकानदार नोटिस मिलने के बाद कमर्शियल इलाकों में नई दुकानें तलाश रहे हैं।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।