इंदौर में रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 350 किलो मिठाई जब्त, गुजरात से आई खेप पर जांच

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। दरअसल कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन और अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ऋषि नगर स्थित मां भुवनेश्वरी एंटरप्राइजेज से करीब 350

Aug 27, 2026 - 00:30
इंदौर में रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 350 किलो मिठाई जब्त, गुजरात से आई खेप पर जांच

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए इंदौर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया। दरअसल कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन और अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर के कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ऋषि नगर स्थित मां भुवनेश्वरी एंटरप्राइजेज से करीब 350 किलोग्राम मिठाई जब्त की गई। जब्त मिठाई की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।

दरअसल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान गुजरात से आई श्री गोविंद स्वीट्स की 10-10 किलोग्राम पैकिंग वाली मिठाई मौके पर मिली। जांच में पाया गया कि कंपनी पैकिंग खोलकर मिठाई को पेड़े के आकार में तैयार किया जा रहा था और उसे पारदर्शी डिब्बों में बिना जरूरी डिक्लेरेशन के बिक्री के लिए पैक किया जा रहा था। मौके से मिठाई के चार नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

गुजरात से आई मिठाई पर जांच

संयुक्त टीम ने 165, ऋषि नगर, हवा बंगला रोड स्थित मां भुवनेश्वरी एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर निलेश राठौर मौजूद मिले। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में मिठाई में मिल्क सॉलिड के साथ वेजिटेबल फैट का इस्तेमाल पाया गया। इसके बाद मौके से चार सैंपल लिए गए और पूरी 350 किलो मिठाई को जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जब्त मिठाई को फिलहाल सुरक्षित रखा गया है और सभी नमूने खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और उससे जुड़े नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कार्रवाई का मकसद रक्षाबंधन के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करना बताया गया है।

नमकीन और मिठाई के सैंपल लिए गए

रक्षाबंधन से पहले चलाए गए इसी अभियान में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की। विजयनगर स्थित जैन नमकीन से अलग-अलग तरह के नमकीन के छह नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं, दिव्यराक कॉलोनी स्थित गोकुल प्रोडक्ट सप्लायर से मिठाई के तीन नमूने लिए गए। इसके अलावा भगत सिंह नगर स्थित श्री कृष्णा दूध दही भंडार का भी निरीक्षण किया गया। यहां विक्रेता अंबालाल जाट से मावा और मावा कतली के नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।